यूपी के कई जिलों में आसमान पर बादलों का डेरा तो है, लेकिन अब भी लोग झमाझम बारिश का इंतजार कर रहे हैं. वैसे उमस और गर्मी से बेहाल लोगों के लिए राहत की खबर है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक आज (18 जुलाई) से प्रदेश में मानसून फिर रफ्तार पकड़ेगा.
लखनऊ, कानपुर, प्रयागराज, वाराणसी, गोरखपुर, अयोध्या, बरेली, मुरादाबाद, बस्ती, देवरिया, बलिया, कुशीनगर और आसपास के कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है. मौसम विभाग ने कुछ स्थानों पर भारी बारिश, वज्रपात और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अलर्ट भी जारी किया है.
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर प्रदेश में मानसूनी गतिविधियां लगातार मजबूत हो रही हैं. अगले तीन से चार दिनों तक पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अच्छी बारिश होने की संभावना है. इससे जहां लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिलेगी, वहीं निचले इलाकों में जलभराव और बिजली गिरने जैसी घटनाओं का खतरा भी बढ़ सकता है.
आज इन जिलों में बारिश की संभावना
आईएमडी के मुताबिक शुक्रवार को पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश होगी. लखनऊ, कानपुर नगर, उन्नाव, हरदोई, सीतापुर, लखीमपुर खीरी, बाराबंकी, अयोध्या, अमेठी, सुल्तानपुर, रायबरेली, प्रतापगढ़, प्रयागराज, कौशांबी, जौनपुर, वाराणसी, भदोही, मिर्जापुर, चंदौली, सोनभद्र, आजमगढ़, मऊ, गाजीपुर, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, कुशीनगर, महाराजगंज, संत कबीर नगर, बस्ती, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती और बहराइच में अच्छी बारिश के आसार हैं. इसके अलावा सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत और शाहजहांपुर समेत पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भी मेघगर्जन और बारिश की संभावना बनी हुई है.
इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के प्रभाव आधारित पूर्वानुमान के अनुसार बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर और बलरामपुर के आसपास कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है. इन इलाकों में जलभराव और स्थानीय स्तर पर मौसम का असर अधिक देखने को मिल सकता है.
ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी
आईएमडी का कहना है कि 19, 20 और 21 जुलाई को भी मानसून सक्रिय रहेगा. प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है. कई स्थानों पर भारी बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं. खासकर पूर्वी उत्तर प्रदेश और मध्य उत्तर प्रदेश में मानसून का प्रभाव अधिक रहने का अनुमान है. मौसम विभाग के जिला आधारित चेतावनी मानचित्र के अनुसार पूर्वी, मध्य और बुंदेलखंड के कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. वहीं प्रदेश के बड़ी संख्या में जिलों के लिए येलो अलर्ट लागू है. विभाग ने चेतावनी दी है कि भारी बारिश के कारण निचले इलाकों में जलभराव, सड़क यातायात में बाधा और बिजली गिरने की घटनाएं हो सकती हैं. आईएमडी ने कहा है कि गरज-चमक के दौरान कई स्थानों पर 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. ऐसे में कमजोर पेड़ों, पुराने भवनों और बिजली के खंभों से दूरी बनाए रखने की सलाह दी गई है.
मौसम विभाग की सलाह
मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों के नीचे खड़े न हों. वज्रपात के समय सुरक्षित स्थान पर रहें और अनावश्यक यात्रा से बचें. किसानों को भी खेतों में काम करने से पहले मौसम का ताजा अपडेट देखने की सलाह दी गई है. लगातार सक्रिय हो रहे मानसून को देखते हुए मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में उत्तर प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अच्छी बारिश दर्ज की जा सकती है. ऐसे में लोगों को राहत के साथ-साथ सतर्क रहने की भी जरूरत है.
aajtak.in