दिल्ली आने से पहले गोवा एक्सप्रेस से उतारे गए 15 CJP कार्यकर्ता, राजस्थान में एक के घर पहुंची पुलिस

10 अक्टूबर को दिल्ली के जंतर-मंतर पर होने वाले कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन को लेकर रेलवे और पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है. सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए जहां कई प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेनों का संचालन रद्द कर दिया गया है, वहीं मध्य प्रदेश और राजस्थान में पुलिस ने पार्टी कार्यकर्ताओं पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है.

Advertisement
सीजेपी प्रोटेस्ट को लेकर सुरक्षा बल अलर्ट (Photo- PTI) सीजेपी प्रोटेस्ट को लेकर सुरक्षा बल अलर्ट (Photo- PTI)

उदय गुप्ता / पीताम्बर जोशी / हिमांशु शर्मा

  • चंदौली/इटारसी/अलवर,
  • 09 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 1:38 PM IST

दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी के विरोध प्रदर्शन के मद्देनजर सुरक्षा कारणों से पटना, बनारस और राजेंद्र नगर से नई दिल्ली जाने वाली 6 प्रमुख ट्रेनों का संचालन रद्द कर दिया गया है. पूर्व मध्य रेल के दानापुर रेल मंडल द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार तेजस राजधानी और संपूर्ण क्रांति जैसी गाड़ियां 9 अक्टूबर को निरस्त रहीं. वहीं मध्य प्रदेश के इटारसी जंक्शन पर पुलिस ने गोवा एक्सप्रेस से 15 CJP सदस्यों को गोपनीय स्थान पर हिरासत में लिया. उधर राजस्थान के अलवर में पुलिस ने CJP नेता दीपक बालियान को पाबंद करते हुए निगरानी शुरू कर दी है.

Advertisement

दिल्ली जाने वाली ये प्रमुख ट्रेनें की गईं निरस्त

कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन के चलते रेलवे प्रशासन ने कई बड़ी ट्रेनों को रद्द करने का फैसला लिया है. रद्द की गई गाड़ियों में 12309 राजेंद्र नगर-नई दिल्ली पटना तेजस राजधानी एक्सप्रेस, 12393 राजेंद्र नगर-नई दिल्ली संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस, 20801 इस्लामपुर-नई दिल्ली मगध एक्सप्रेस और 22361 राजेंद्र नगर-नई दिल्ली अमृत भारत एक्सप्रेस शामिल हैं. इसके अलावा 9 अक्टूबर को चलने वाली गाड़ी संख्या 12559 बनारस-नई दिल्ली शिवगंगा एक्सप्रेस और गाड़ी संख्या 12581 बनारस-नई दिल्ली सुपरफास्ट एक्सप्रेस का संचालन भी पूरी तरह निरस्त कर दिया गया है.

इटारसी स्टेशन पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 15 हिरासत में

नर्मदापुरम जिले के इटारसी जंक्शन पर जिला पुलिस अधीक्षक साईं कृष्ण को गोवा एक्सप्रेस ट्रेन में कॉकरोच जनता पार्टी के सदस्यों के दिल्ली जाने की गुप्त सूचना मिली थी. ट्रेन के जनरल कोच में महिलाओं की बड़ी संख्या को देखते हुए भोपाल और नर्मदापुरम से महिला पुलिस बल को बुलाया गया. शाम 6 बजे जैसे ही ट्रेन प्लेटफॉर्म नंबर 1 पर रुकी, पुलिस ने कोच में चेकिंग कर 15 सदस्यों को हिरासत में ले लिया. इस दौरान कार्यकर्ताओं ने प्लेटफॉर्म और ट्रेन में जमकर केंद्र सरकार के खिलाफ हंगामा किया, जिसके बाद पुलिस उन्हें वाहन से गोपनीय स्थान पर ले गई.

Advertisement

राजस्थान के अलवर में CJP नेता के घर पहुंची पुलिस

उधर राजस्थान के अलवर जिले के कठूमर थाना क्षेत्र में CJP के संगठन सह-प्रभारी दीपक बालियान के मानखेड़ा स्थित आवास पर देर रात पुलिस पहुंची। CJP नेता आशुतोष रांका ने सोशल मीडिया पर लाइव आकर पुलिस पर कार्यकर्ता को हिरासत में लेने का आरोप लगाया. हालांकि, अलवर पुलिस ने इन आरोपों को खारिज किया है. ASI उमरुद्दीन के मुताबिक, दिल्ली में धारा 163 BNSS लागू होने और दीपक द्वारा सोशल मीडिया पर दिल्ली चलने का आह्वान करने के कारण उन्हें केवल समझाइश देकर धारा 172(2) BNSS के तहत पाबंद किया गया है और मेडिकल के बाद वापस घर भेज दिया गया.

एसआईआर (SIR) और मुख्य निर्वाचन आयुक्त का विरोध

कॉकरोच जनता पार्टी ने 10 अक्टूबर को दिल्ली के जंतर-मंतर पर बड़े प्रदर्शन का ऐलान कर रखा है. पार्टी का कहना है कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) से बड़ी संख्या में आम लोगों के मताधिकार पर असर पड़ सकता है. इसी मुद्दे को लेकर पार्टी मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विरोध दर्ज करा रही है. CJP नेताओं का कहना है कि पुलिस की कार्रवाई और धरपकड़ के बावजूद उनका यह प्रदर्शन अपने तय कार्यक्रम के अनुसार ही आयोजित किया जाएगा.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »