यूपी में संभल प्रशासन ने आज रंग एकादशी की 'चौपाई के जुलूस' और जुम्मे की नमाज को शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए सुरक्षा का अभेद्य किला तैयार किया है. रैपिड एक्शन फोर्स (RRF) की तीन कंपनियां, पीएसी की दो प्लाटून और एक दर्जन थानों की पुलिस संवेदनशील इलाकों में तैनात की गई है. फागुन महीने की रंग एकादशी पर शहर के कई हिस्सों में होली खेली जाएगी और निशान के साथ निकलने वाला जुलूस विवादित धर्म स्थल जामा मस्जिद के बगल से होकर सूर्यकुंड तीर्थ तक जाएगा. पुलिस ने असामाजिक तत्वों पर नकेल कसने के लिए सीसीटीवी और ड्रोन से निगरानी की योजना बनाई है.
संवेदनशील रास्तों पर कड़ा पहरा और सुरक्षा प्लान
पिछली हिंसा की घटनाओं को देखते हुए प्रशासन कोई जोखिम नहीं लेना चाहता. रंग एकादशी का जुलूस उन रास्तों से गुजरेगा जो सांप्रदायिक रूप से बेहद संवेदनशील माने जाते हैं. विशेष रूप से जामा मस्जिद के पास वाले रास्ते पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है.
यह भी पढ़ें: 'संभल मस्जिद विवादित ढांचा', इलाहाबाद हाई कोर्ट ने सुनवाई के दौरान लिखवाया
पुलिस की बड़ी जिम्मेदारी यह है कि एक तरफ अबीर-गुलाल उड़ती चौपाई शांति से निकले और दूसरी तरफ मस्जिदों में रमजान के दूसरे जुम्मे की नमाज में कोई खलल न पड़े. शांति समितियों की बैठकों के बाद अधिकारियों ने आपसी समन्वय पर जोर दिया है.
तकनीक और नई फोर्स के भरोसे प्रशासन
सुरक्षा के लिए केवल पुरानी फोर्स ही नहीं, बल्कि हाल ही में भर्ती हुए 200 रिक्रूट कॉन्स्टेबल्स को भी फील्ड में उतारा गया है. पूरे जुलूस मार्ग की निगरानी इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर से की जाएगी. चप्पे-चप्पे पर लगे सीसीटीवी कैमरों का फीड सीधे कंट्रोल रूम में बैठे अधिकारी देखेंगे. एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई के अनुसार, ड्रोन कैमरों से छतों और गलियों पर पैनी नजर रखी जा रही है. प्रकाश व्यवस्था और रास्तों का पहले ही निरीक्षण किया जा चुका है ताकि विसर्जन मार्ग पर कोई अड़चन न आए.
मजिस्ट्रेटों की तैनाती और प्रशासनिक मुस्तैदी
सुरक्षा व्यवस्था केवल पुलिस के भरोसे नहीं है, बल्कि डीएम डॉ. राजेंद्र पेंसिया ने एक दर्जन सेक्टर मजिस्ट्रेटों की ड्यूटी लगाई है. ये मजिस्ट्रेट जुलूस मार्ग और मस्जिदों के आसपास तैनात रहकर हर गतिविधि की जानकारी उच्चाधिकारियों को देंगे. पुलिस और प्रशासन का संयुक्त उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि 'रंग में भंग' न पड़े. अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे शांति और सौहार्द के साथ अपने त्योहार और इबादत संपन्न करें. शाम तक पूरा शहर भारी सुरक्षा घेरे में रहेगा.
अभिनव माथुर