सोमवार सुबह ब्रजेश पाठक और केशव प्रसाद मौर्य को लखनऊ एयरपोर्ट पर एक अप्रत्याशित स्थिति का सामना करना पड़ा. दोनों डिप्टी सीएम लगभग एक घंटे तक इंडिगो की फ्लाइट में बैठे रहे, क्योंकि उड़ान से ठीक पहले विमान में तकनीकी खराबी का पता चल गया था. जानकारी के अनुसार, दोनों नेता भारतीय जनता पार्टी की कोलकाता में होने वाली अहम बैठक में शामिल होने के लिए जा रहे थे. इस बैठक में पश्चिम बंगाल में प्रस्तावित विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी की रणनीति पर चर्चा होनी है.
बताया गया कि इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6E-505 को सुबह 7:40 बजे चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा से कोलकाता के लिए उड़ान भरनी थी. सभी यात्रियों की बोर्डिंग पूरी हो चुकी थी और विमान टेकऑफ की तैयारी में था. इसी दौरान पायलट को विमान में तकनीकी गड़बड़ी का संकेत मिला.
पायलट ने तुरंत एयर ट्रैफिक कंट्रोल को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद एयरलाइन की इंजीनियरिंग टीम को जांच के लिए बुलाया गया. तकनीकी जांच के दौरान विमान में मौजूद यात्रियों के साथ दोनों डिप्टी सीएम को भी करीब एक घंटे तक विमान के अंदर ही इंतजार करना पड़ा.
जांच के बाद खराबी को ठीक कर दिया गया, जिसके बाद फ्लाइट ने सुबह 8:59 बजे लखनऊ से उड़ान भरी. विमान करीब 10:17 बजे कोलकाता एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतर गया.
हाल ही में हेलीकॉप्टर की हुई थी इमरजेंसी लैंडिंग
हाल ही में लखनऊ में उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव मौर्य के हेलीकॉप्टर को अचानक इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी. जानकारी के मुताबिक, हेलीकॉप्टर ने लखनऊ के La Martiniere Ground से कौशाम्बी के लिए उड़ान भरी थी. लेकिन टेकऑफ के कुछ ही मिनट बाद हेलीकॉप्टर से धुआं निकलता नजर आया, जिससे पायलट और सुरक्षा टीम तुरंत सतर्क हो गई.
हालात को देखते हुए पायलट ने बिना देर किए हेलीकॉप्टर को वापस लखनऊ में सुरक्षित उतारने का फैसला लिया. इमरजेंसी लैंडिंग के बाद मौके पर मौजूद तकनीकी विशेषज्ञों ने हेलीकॉप्टर की जांच शुरू कर दी, ताकि धुआं निकलने की असली वजह का पता लगाया जा सके.
इस घटना के कारण कुछ समय के लिए वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया था. हालांकि राहत की बात यह रही कि डिप्टी सीएम पूरी तरह सुरक्षित रहे.
आशीष श्रीवास्तव