पाकिस्तान से 4 बच्चे लेकर भारत आईं सीमा हैदर छठी बार मां बनी हैं. उन्होंने नोएडा के एक निजी अस्पताल में बेटे को जन्म दिया है. नॉर्मल डिलिवरी के बाद जच्चा-बच्चा दोनों स्वस्थ बताए जा रहे हैं. अस्पताल से उन्हें छुट्टी भी मिल गई है. पति सचिन मीणा संग सीमा रबूपुरा कस्बे स्थित घर आ गई हैं.
दंपति काफी खुश हैं और घर पर बधाई देने वाले लोग आ रहे हैं. वहीं, सचिन के घरवालों ने भी मोहल्ले में मिठाई बांटकर अपनी खुशी का इजहार किया. बता दें कि सीमा हैदर का यह छठवां बच्चा है. सीमा के पहले पति से चार बच्चे हैं. जबकि, सचिन से मिलने के बाद दूसरी संतान पैदा हुई है.
मालूम हो कि 11-12 महीने पहले सीमा हैदर ने एक बेटी को जन्म दिया था. अब उन्होंने एक बेटे को जन्म दिया है. परिवार में बेटे के जन्म से उत्साह और बढ़ गया है. फिलहाल, सोशल मीडिया पर इसको लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं.
PUBG से प्यार और सरहद पार
पाकिस्तानी नागरिक सीमा हैदर साल 2023 में अपने चार बच्चों के साथ नेपाल के रास्ते भारत आईं. उनकी मुलाकात ऑनलाइन गेम PUBG खेलते समय उत्तर प्रदेश के सचिन मीणा से हुई थी. 13 मई 2023 को सचिन ने उन्हें यमुना एक्सप्रेसवे पर रिसीव किया और रबूपुरा में एक किराए के घर में रखा.
सीमा ने पाकिस्तान में अपने पहले पति गुलाम हैदर को छोड़ दिया और सचिन के साथ रहने का फैसला किया. हालांकि, 4 जुलाई 2023 को पुलिस ने उन्हें बल्लभगढ़ से गिरफ्तार कर लिया. बाद में दोनों को जमानत मिल गई.
कानूनी लड़ाई और सुरक्षा जांच
सीमा और सचिन का दावा है कि उन्होंने 2023 में काठमांडू के एक मंदिर में शादी की थी. अवैध प्रवेश के कारण सीमा अभी भी कानूनी जांच का सामना कर रही हैं. पहलगाम आतंकी हमले के बाद उन्हें वापस पाकिस्तान भेजने की मांग उठी, लेकिन सीमा ने भारत में रहने की गुहार लगाई है. उनके वकील का तर्क है कि वह अब 'भारत की बहू' हैं और सहानुभूति की हकदार हैं.
सोशल मीडिया पर एक्टिव
गौरतलब है कि यह दंपती सोशल मीडिया पर भी काफी एक्टिव रहता है. इनके यूट्यूब चैनल को 2 मिलियन से अधिक यूजर्स देखते हैं. सोशल मीडिया से इनकी कमाई भी होती है. सीमा ने महीने भर पहले अपने यूट्यूब चैनल पर एक वीडियो अपलोड किया था जिसमें उन्होंने अपनी प्रेग्नेंसी का जिक्र किया था.
aajtak.in