संभल की सड़कों पर रात में निकली पुलिस, माइक से हुआ ऐलान- गड़बड़ी की तो खैर नहीं! पीछे-पीछे चल रहे थे SP-ASP

दीपावली और धनतेरस से पहले संभल में पुलिस ने सुरक्षा बढ़ा दी है. देर रात SP और ASP कई थानों की पुलिस और PAC के साथ सड़कों पर उतरे. फ्लैग मार्च के दौरान पुलिसकर्मी माइक से चेतावनी देते दिखे कि शांति बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर सख्त एक्शन होगा. बाजारों से लेकर गलियों और सोशल मीडिया तक पुलिस की नजर है.

Advertisement
संभल में त्योहार को लेकर निकाला फ्लैग मार्च. (Photo: ITG) संभल में त्योहार को लेकर निकाला फ्लैग मार्च. (Photo: ITG)

अभिनव माथुर

  • संभल,
  • 05 नवंबर 2026,
  • अपडेटेड 8:05 AM IST

'शहर के चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात है. गलियों में इंटेलिजेंस की टीमें घूम रही हैं. अगर किसी ने भी शांति व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश की तो उसे चिन्हित कर कार्रवाई की जाएगी.' रात का वक्त था. संभल के बाजारों में पुलिस के जवान पैदल चल रहे थे. उनके आगे माइक से ये ऐलान हो रहा था. पीछे एसपी विकास चंद्र त्रिपाठी, एएसपी सुमित रामटेके और दूसरे पुलिस अफसर चल रहे थे. साथ में कई थानों की पुलिस और पीएसी के जवान भी थे.

Advertisement

दीपावली और धनतेरस से पहले सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस मार्च निकाला जा रहा था. इसके जरिए लोगों को भरोसा दिलाया जा रहा था कि त्योहार के दौरान सुरक्षा में कोई ढिलाई नहीं होगी. साथ ही उन लोगों को भी साफ संदेश दिया जा रहा था, जो माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर सकते हैं. संभल का नाम आते ही पिछले दो साल की एक घटना याद आती है. नवंबर 2024 में जामा मस्जिद के सर्वे के दौरान शहर में हिंसा हुई थी. इस घटना के बाद से संभल में सुरक्षा को लेकर पुलिस और प्रशासन खास सतर्कता बरतते हैं.

अब दीपावली और धनतेरस का त्योहार करीब है. बाजारों में भीड़ बढ़ेगी, खरीदारी होगी और सड़कों पर लोगों की आवाजाही भी ज्यादा रहेगी. ऐसे में पुलिस ने पहले से ही सुरक्षा की तैयारी शुरू कर दी है. इसी के तहत एसपी विकास चंद्र त्रिपाठी, एएसपी उत्तरी सुमित रामटेके और सीओ कुलदीप कुमार कई थानों की पुलिस और पीएसी के साथ सड़क पर उतरे. अधिकारियों ने शहर के मुख्य बाजार, सर्राफा बाजार और संवेदनशील इलाकों में करीब तीन किलोमीटर तक पैदल मार्च किया.

Advertisement

यह भी पढ़ें: क्लास सस्पेंड, एग्जाम रद्द और पुलिस का फ्लैग मार्च... LPU में कैसे हैं हालात, महिला आयोग ने मांगी रिपोर्ट

इस फ्लैग मार्च में पीए सिस्टम के जरिए लोगों को साफ-साफ चेतावनी भी दी गई. पुलिसकर्मी ऐलान कर रहे थे कि त्योहारों को देखते हुए हर जगह पुलिस तैनात है. गलियों और मोहल्लों में भी खुफिया टीमें घूम रही हैं. कोई भी व्यक्ति शांति बिगाड़ने की कोशिश करेगा तो उसे पहचानकर उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. इस दौरान पुलिस अफसरों ने अपने जवानों को भी ब्रीफ किया. उन्हें भीड़भाड़ वाली जगहों पर सतर्क रहने, संदिग्ध लोगों की जांच करने और किसी भी गड़बड़ी की सूचना मिलने पर तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए.

त्योहारों पर बाजारों में सबसे बड़ी परेशानी भीड़ और जाम की होती है. खरीदारी के लिए बड़ी संख्या में लोग निकलते हैं. ऐसे में पुलिस ने ट्रैफिक व्यवस्था पर भी ध्यान दिया है. एसपी विकास चंद्र त्रिपाठी के मुताबिक, मुख्य बाजारों और सर्राफा बाजार में पैदल मार्च किया गया है. संदिग्ध लोगों की चेकिंग कराई जा रही है. इसके अलावा यातायात को संभालने के लिए डायवर्जन प्लान लागू किया गया है. ट्रैफिक पुलिस की अलग-अलग जगहों पर ड्यूटी लगाई गई है. संभल के साथ चंदौसी कस्बे में भी पुलिस ने पैदल मार्च किया है. यानी सुरक्षा की तैयारी सिर्फ जिला मुख्यालय तक सीमित नहीं रखी गई है.

Advertisement

अब सोशल मीडिया पर भी पुलिस की नजर

कई बार बाजार में नहीं, मोबाइल की स्क्रीन पर अफवाह फैलती है. एक पोस्ट, एक वीडियो या एक भड़काऊ मैसेज से माहौल खराब होने का खतरा रहता है. पुलिस इसी बात को ध्यान में रखकर सोशल मीडिया पर भी नजर रख रही है. एसपी ने बताया कि जिले में सोशल मीडिया मॉनिटरिंग टीमें एक्टिव हैं. नेगेटिविटी और नफरत फैलाने वाली पोस्ट करने वालों पर नजर रखी जा रही है. बाजारों में पैदल गश्त है, गलियों में निगरानी है, ट्रैफिक के लिए अलग इंतजाम हैं और सोशल मीडिया पर भी नजर रखी जा रही है. पुलिस का संदेश साफ है- त्योहार मनाइए, बाजारों में खरीदारी कीजिए. शांति बिगाड़ने की कोशिश किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »