उत्तर प्रदेश के सहारनपुर से साइबर ठगी का बड़ा मामला सामने आया है, जहां ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर एक कारोबारी से 1 करोड़ 31 लाख 25 हजार 200 रुपये की ठगी कर ली गई. यह ठगी इतनी शातिर तरीके से की गई कि पीड़ित को लंबे समय तक इसका अंदाजा ही नहीं हुआ. वह लगातार अलग-अलग खातों में पैसे ट्रांसफर करता रहा.
पीड़ित कारोबारी अंशुल गुप्ता, जो मंगलम एंटरप्राइजेज के प्रोपराइटर हैं और बेहट रोड स्थित कुष्ट आश्रम के सामने रहते हैं, अंशुल ने साइबर क्राइम थाने में शिकायत दर्ज कराई है. शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
अंशुल गुप्ता के अनुसार, उन्होंने 29 सितंबर 2025 से ऑनलाइन ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म पर निवेश करना शुरू किया था. यह प्लेटफॉर्म कू कॉइन ऐप और MING COIN नाम से चल रहा था. शुरुआत में उन्हें भरोसा दिलाया गया कि निवेश पर भारी मुनाफा मिलेगा. ऐप पर दिए गए निर्देशों के अनुसार उन्होंने अलग-अलग खातों में रकम ट्रांसफर करनी शुरू कर दी.
29 और 30 सितंबर को ही उन्होंने लाखों रुपये विभिन्न बैंक खातों में NEFT और RTGS के माध्यम से भेज दिए. इसके बाद अक्टूबर महीने में भी यह सिलसिला जारी रहा. 4 अक्टूबर से 16 अक्टूबर के बीच उन्होंने कई फर्मों के नामों पर बड़ी रकम ट्रांसफर कर दी.
नवंबर महीने में भी ठगों ने उन्हें भरोसे में बनाए रखा और लगातार निवेश करने के लिए कहा. इस दौरान कई अलग-अलग नामों वाली कंपनियों के खातों में लाखों रुपये ट्रांसफर किए गए. इस तरह अलग-अलग तारीखों और खातों में भेजी गई रकम मिलाकर कुल 1.31 करोड़ रुपये से ज्यादा हो गई.
पीड़ित को तब शक हुआ, जब उन्होंने अपने निवेश की रकम निकालने की कोशिश की. उन्होंने कू कॉइन ऐप के माध्यम से विड्रॉल करने का प्रयास किया, लेकिन न तो पैसा वापस मिला और न ही प्लेटफॉर्म की ओर से कोई जवाब दिया गया. इसके बाद उन्हें समझ आया कि वे एक बड़े साइबर फ्रॉड का शिकार हो चुके हैं.
यह भी पढ़ें: चीन के साइबर ठगों को भारत से मिल रही थी मदद! गुरुग्राम पुलिस की बड़ी कार्रवाई, महिला सहित 3 गिरफ्तार
घटना के बाद अंशुल गुप्ता ने तुरंत साइबर क्राइम थाने में शिकायत दर्ज कराई और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के साथ-साथ अपनी रकम वापस दिलाने की मांग की.
एसपी सिटी व्योम बिंदल ने बताया कि बेहट रोड निवासी द्वारा ट्रेडिंग इन्वेस्टमेंट फ्रॉड की सूचना दी गई है, जिसमें करीब 1 करोड़ 31 लाख रुपये की ठगी की बात सामने आई है. पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. उन्होंने आमजन से अपील की कि किसी भी ऑनलाइन ट्रेडिंग या निवेश में सतर्क रहें. यदि किसी प्रकार का फ्रॉड हो तो तुरंत पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर धनराशि की रिकवरी की संभावना बढ़ाई जा सके.
राहुल कुमार