सहारनपुर के मीट प्लांट में अमोनिया गैस रिसाव, 2 नाबालिग समेत 14 महिला कर्मचारी बेहोश

सहारनपुर के गागलहेड़ी स्थित पूर्व सांसद हाजी फजलुर्रहमान के एएलएम मीट प्लांट में अमोनिया गैस रिसाव से अफरातफरी मच गई. गैस की चपेट में आने से दो नाबालिग सहित 14 महिला कर्मचारी बेहोश हो गईं. सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और सुरक्षा मानकों की भी पड़ताल की जा रही है.

Advertisement
गैस रिसाव से चक्कर आने के बाद गिरीं महिलाएं. (Photo: Screengrab) गैस रिसाव से चक्कर आने के बाद गिरीं महिलाएं. (Photo: Screengrab)

राहुल कुमार

  • सहारनपुर,
  • 21 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 10:23 PM IST

उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में मंगलवार को एक मीट प्लांट में अमोनिया गैस रिसाव होने से अफरातफरी मच गई. थाना गागलहेड़ी क्षेत्र स्थित पूर्व सांसद हाजी फजलुर्रहमान के एएलएम मीट प्लांट में हुए इस हादसे में दो नाबालिग सहित 14 महिला कर्मचारी बेहोश हो गईं. सभी को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है. घटना के बाद फैक्ट्री में कुछ समय के लिए कामकाज रोक दिया गया. 

Advertisement

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, प्लांट में रोज की तरह पैकेजिंग का काम चल रहा था. इसी दौरान अचानक अमोनिया गैस का रिसाव शुरू हो गया. कुछ ही देर में गैस पूरे कार्य क्षेत्र में फैल गई. कर्मचारियों को सांस लेने में परेशानी, घुटन और चक्कर आने लगे. देखते ही देखते कई महिलाएं और किशोरियां बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ीं. फैक्ट्री में मौजूद अन्य कर्मचारियों ने तुरंत सभी को बाहर निकाला. इसके बाद एंबुलेंस और अन्य वाहनों की मदद से उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया.

मीट प्लांट में अमोनिया गैस का रिसाव

घायल कर्मचारी मिस्बाह ने बताया कि फैक्ट्री में करीब 250 महिलाएं पैकेजिंग का काम करती हैं. उन्हें प्रतिदिन लगभग 300 रुपये दिहाड़ी मिलती है. उन्होंने बताया कि काम के दौरान अचानक गैस लीक हो गई, जिससे पूरे प्लांट में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई. वहीं घायल गुलशनियां ने बताया कि उन्हें यह नहीं पता कि गैस कैसे लीक हुई. उन्होंने कहा कि अचानक गैस फैली, चक्कर आने लगे और उसके बाद उन्हें कुछ भी याद नहीं रहा. एक अन्य घायल कर्मचारी ने आरोप लगाया कि घटना के समय वहां कोई ठेकेदार मौजूद नहीं था. उनके अनुसार, किसी ने पहले से गैस रिसाव की जानकारी भी नहीं दी.

Advertisement

पुलिस ने घटना की जांच शुरू की 

घटना की सूचना मिलते ही गागलहेड़ी पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने फैक्ट्री का निरीक्षण किया और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली. प्रशासन ने अमोनिया गैस रिसाव के कारणों की जांच शुरू कर दी है. साथ ही यह भी देखा जा रहा है कि प्लांट में सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था या नहीं. अधिकारियों का कहना है कि जांच में यदि किसी भी स्तर पर लापरवाही सामने आती है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल अस्पताल में भर्ती सभी महिलाओं और किशोरियों का इलाज जारी है. डॉक्टर उनकी हालत पर लगातार नजर बनाए हुए हैं.
 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »