'10 दिन के अंदर गांव में डाका डालेंगे, रोक सको तो रोक लो...' थाने के पास लगे धमकी भरे पोस्टर, पेट्रोलिंग बढ़ाई गई

बस्ती जिले में फिल्मी स्टाइल में गांव वालों को लूट की धमकी दी गई है. अज्ञात शख्स द्वारा पोस्टर लगाकर ऐलान किया गया है कि 10 दिन के अंदर गांव में डाका डालेंगे. तुम लोग रोक सको तो रोक लो.

Advertisement
बस्ती में थाने के पास लगा धमकी भरा पोस्टर बस्ती में थाने के पास लगा धमकी भरा पोस्टर

संतोष सिंह

  • बस्ती ,
  • 28 दिसंबर 2023,
  • अपडेटेड 5:21 PM IST

उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले में फिल्मी स्टाइल में गांव वालों को लूट की धमकी दी गई है. अज्ञात शख्स द्वारा पोस्टर लगाकर ऐलान किया गया है कि 10 दिन के अंदर गांव में डाका डालेंगे. तुम लोग रोक सको तो रोक लो. ये पोस्टर पुलिस थाने से महज चंद कदमों की दूरी पर लगा है. जिसको लेकर अब कई तरह के सवाल उठ रहे हैं. 

Advertisement

मामला रुधौली थाना क्षेत्र के बिशुनपुरवा गांव का है, जहां पेड़ पर अज्ञात लोगों द्वारा एक पोस्टर चस्पा किया गया है. इसमें फिल्मी स्टाइल में पुलिस और ग्रामीणों को चैलेंज देते हुए लिखा है- "आने वाले 10 दिनों के अंदर हम अपने गैंग के साथ बहुत भयानक डाका डालेंगे. तुम सब कितनी रात जगोगे. कुछ चुनिंदा घरों में भयानक लूटपाट की जाएगी. तुम सबके अंदर जितनी ताकत है लगा लो, लेकिन हम तुम्हारे गांव को लूट कर ही रहेंगे." 

लोगों में दहशत

पोस्टर लगते ही ये खबर पूरे क्षेत्र में आग की तरह फैल गई. जिसके चलते कुछ लोगों में दहशत भी है. उन्हें समझ नहीं आ रहा कि वो क्या करें. अब देखने वाली बात ये होगी कि रुधौली पुलिस इस चेतावनी को गंभीरता लेती है या अफवाह मानकर नजरअंदाज करती है. फिलहाल, इसे किसी शरारती तत्व की कारस्तानी मानी जा रही है. हालांकि, पुलिस ने जांच की बात कही है. 
 
बता दें कि अभी कुछ दिन पूर्व बिशुनपुरवा चौकी से मात्र 2 किलोमीटर की दूरी पर एक गांव में चोरी हुई थी. महिला की नींद खुल जाने के बाद चोर उसके सिर पर हमला करके फरार हो गए थे. ऐसे में पोस्टर की घटना ने लोगों में खौफ कर दिया है. 

Advertisement

गांव के प्रधान ने कहा कि जिस तरह से चोरों के द्वारा पोस्टर लगाए गए हैं उससे तो यही लगता है कि चोर काफी निडर होकर घटना को अंजाम दे रहे हैं. हम गांव के सभी लोग रात-रात भर जगकर अपनी जान और माल की सुरक्षा कर रहे हैं. 

पेट्रोलिंग बढ़ाई गई 

वहीं, इस मामले में अपर पुलिस अधीक्षक ओपी सिंह ने कहा कि चोरों को लेकर पुलिस ने पेट्रोलिंग बढ़ा दी है. साथ ही सभी थानेदारों को यह निर्देश दिया गया है कि हमेशा एलर्ट मोड पर रहें. ग्रामीणों की हर सूचना को गम्भीरता से लें. ग्राम प्रहरियों को भी विशेष दिशा-निर्देश दिए गए हैं. पोस्टर से फैले अफवाह को लेकर भी पुलिस को सतर्क किया गया है. पुलिस टीम गांववालों को सुरक्षा का भरोसा दे रही है. 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »