बिहार के मौलाना अब्दुल्ला सलीम द्वारा उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां को लेकर की गई कथित विवादित और आपत्तिजनक टिप्पणी के बाद सामाजिक और राजनीतिक गलियारों में आक्रोश देखने को मिल रहा है. इस टिप्पणी के विरोध में शनिवार को राजधानी लखनऊ में प्रदर्शन किया गया.
लखनऊ के अटल चौराहा पर युवाओं ने विरोध जताते हुए मौलाना अब्दुल्ला सलीम का पुतला फूंका और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की. प्रदर्शन के दौरान युवाओं ने नारेबाजी भी की और कहा कि मुख्यमंत्री की माता को लेकर की गई अभद्र टिप्पणी किसी भी हाल में स्वीकार नहीं की जा सकती.
यह भी पढ़ें: लखनऊ: होली के दिन नशे की हालत में था युवक, लड़खड़ाकर शारदा नहर में जा गिरा, तलाश जारी
प्रदर्शनकारियों ने दी आंदोलन की चेतावनी
प्रदर्शन में शामिल अनुराग तिवारी ने कहा कि मौलाना सलीम, जो खुद को चतुर्वेदी भी लिखता है, उसे इस तरह की टिप्पणी करने का अधिकार किसने दिया. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उत्तर प्रदेश के विकास के लिए लगातार काम कर रहे हैं और उनकी माता के खिलाफ की गई अभद्र टिप्पणी बेहद आपत्तिजनक है.
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर चार दिनों के भीतर मौलाना सलीम के खिलाफ एफआईआर दर्ज नहीं की गई तो पूरे लखनऊ में बड़ा आंदोलन किया जाएगा. प्रदर्शनकारियों का कहना था कि इस तरह की बयानबाजी से समाज में गलत संदेश जाता है और इसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
गिरफ्तारी की मांग, सरकार से कार्रवाई की अपील
वहीं, एक अन्य प्रदर्शनकारी ने कहा कि बिहार के मौलाना सलीम ने जिस तरह से उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री की माता के खिलाफ टिप्पणी की है, उसके विरोध में आज सड़क पर उतरकर पुतला दहन किया गया है. उन्होंने कहा कि इस बयान ने लोगों की भावनाओं को आहत किया है.
प्रदर्शनकारियों ने राज्य और केंद्र सरकार से मांग की कि मौलाना के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाए और उन्हें जल्द से जल्द गिरफ्तार कर जेल भेजा जाए. उनका कहना था कि इस मामले में सख्त कार्रवाई ही भविष्य में इस तरह की टिप्पणियों को रोकने का संदेश दे सकती है.
अंकित मिश्रा