जब अपर्णा के साथ प्रतीक पहुंचे थे सैफई, दोनों ने लिया था बड़े भैया अखिलेश यादव से आशीर्वाद, VIDEO वायरल

प्रतीक यादव के निधन के बाद सैफई का एक पुराना वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वह पत्नी अपर्णा यादव के साथ बड़े भाई अखिलेश यादव से आशीर्वाद लेते नजर आ रहे हैं. यह वीडियो नवंबर 2025 में आर्यन यादव की शादी का बताया जा रहा है. दूसरी तरफ बुधवार सुबह 5:55 बजे गंभीर हालत में प्रतीक यादव को लखनऊ के सिविल अस्पताल लाया गया था, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.

Advertisement
प्रतीक और अपर्णा यादव का अखिलेश से आशीर्वाद लेते समय का वीडियो वायरल हो रहा है (Photo: ITG) प्रतीक और अपर्णा यादव का अखिलेश से आशीर्वाद लेते समय का वीडियो वायरल हो रहा है (Photo: ITG)

समर्थ श्रीवास्तव

  • लखनऊ,
  • 13 मई 2026,
  • अपडेटेड 11:04 AM IST

मुलायम सिंह यादव के बेटे प्रतीक यादव के निधन के बाद सोशल मीडिया पर एक पुराना वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है. यह वीडियो सैफई में हुए एक पारिवारिक समारोह का बताया जा रहा है, जहां प्रतीक यादव अपनी पत्नी और भाजपा नेता अपर्णा यादव के साथ पहुंचे थे. वीडियो में दोनों बड़े भाई और समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद लेते दिखाई दे रहे हैं. अब प्रतीक यादव के निधन के बाद यह वीडियो लोगों को भावुक कर रहा है.

Advertisement

दरअसल, बीमारी से पहले प्रतीक यादव  अपने बड़े भाई अखिलेश यादव के साथ 25 नवंबर 2025 को सैफई में एक पारिवारिक शादी समारोह में सार्वजनिक तौर पर दिखाई दिए थे. यह शादी मुलायम सिंह यादव के तीसरे भाई राजपाल यादव के बेटे आर्यन यादव की थी. आर्यन यादव की शादी सुप्रीम कोर्ट और दिल्ली हाईकोर्ट की वकील सेरिंग से हुई थी, जो लद्दाख के रिंगजन अंगचुक की बेटी हैं. उस समारोह में यादव परिवार के लगभग सभी सदस्य मौजूद थे. इसी दौरान प्रतीक यादव और अपर्णा यादव भी पहुंचे थे. वायरल वीडियो में दोनों बेहद सहज अंदाज में अखिलेश यादव से मिलते दिखाई देते हैं. परिवार के लोग भी एक साथ नजर आ रहे हैं. .

परिवार की तस्वीरों ने बदली थीं चर्चाएं

पिछले कुछ समय से प्रतीक यादव और अपर्णा यादव के रिश्तों को लेकर कई तरह की अटकलें लगाई जा रही थीं. सोशल मीडिया और राजनीतिक गलियारों में दोनों के बीच मतभेद और तलाक की चर्चाएं भी सामने आई थीं. हालांकि, इन तमाम चर्चाओं के बीच मार्च महीने में दोनों परिवार के साथ आइसलैंड ट्रिप पर गए थे. उस दौरान की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुए थे. खास बात यह रही कि इन तस्वीरों को खुद प्रतीक यादव ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट से साझा किया था. तस्वीरों में प्रतीक, अपर्णा और उनकी बेटी साथ नजर आए थे. परिवार के साथ स्विमिंग पूल में बिताए गए खूबसूरत पलों ने उन तमाम अटकलों पर विराम लगा दिया था, जिनमें दोनों के रिश्तों को लेकर सवाल उठ रहे थे. लोगों ने इन तस्वीरों को देखकर कहा था कि परिवार के बीच सबकुछ सामान्य नजर आ रहा है.

Advertisement

बुधवार सुबह अचानक बिगड़ी तबीयत

प्रतीक यादव को बुधवार सुबह गंभीर हालत में लखनऊ के सिविल अस्पताल लाया गया था. अस्पताल प्रशासन के मुताबिक सुबह 5:55 बजे उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया. उस समय उनकी पल्स नहीं चल रही थी और आंखें पूरी तरह फिक्स थीं. डॉक्टरों ने उन्हें तत्काल आईसीयू में शिफ्ट किया, लेकिन जांच के बाद मृत घोषित कर दिया. अस्पताल प्रशासन के अनुसार शरीर में मौत के लगभग सभी लक्षण मौजूद थे. सिविल अस्पताल के सीएमएस डॉ. देवेश चंद्र पांडेय ने बताया कि मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी. फिलहाल हार्ट अटैक या किसी अन्य कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है.

उन्होंने यह भी कहा कि मुंह से झाग जैसी कोई स्थिति नहीं दिखी. अस्पताल की आईसीयू और इमरजेंसी टीम में डॉ. कुलदीप वर्मा, डॉ. अनिल कुमार और डॉ. प्रिंस शामिल थे, जिन्होंने शुरुआती जांच की. डॉक्टरों द्वारा मृत घोषित किए जाने के बाद अस्पताल प्रशासन ने पुलिस को सूचना दी. इसके बाद पंचनामा की कार्रवाई पूरी की गई और शव को पोस्टमार्टम के लिए केजीएमयू भेज दिया गया. फिलहाल पूरे परिवार और समर्थकों की नजर पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी हुई है, जिससे मौत की असली वजह सामने आ सके.

Advertisement

कई दिनों से बीमार थे प्रतीक यादव

सूत्रों के मुताबिक प्रतीक यादव पिछले कई दिनों से बीमार चल रहे थे. कुछ समय पहले उनकी हालत बिगड़ने पर उन्हें लखनऊ के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था. डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा था. बताया जा रहा है कि इलाज के बाद उनकी हालत में कुछ सुधार हुआ था, जिसके बाद उन्हें घर ले जाया गया. परिवार को उम्मीद थी कि वह धीरे-धीरे पूरी तरह ठीक हो जाएंगे, लेकिन बुधवार सुबह अचानक तबीयत ज्यादा बिगड़ गई. इसके बाद उन्हें सिविल अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.

अखिलेश यादव भी पहुंचे थे अस्पताल

प्रतीक यादव की बीमारी के दौरान समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव भी अस्पताल पहुंचे थे. उन्होंने डॉक्टरों से बातचीत कर स्वास्थ्य की जानकारी ली थी. राजनीतिक मतभेदों और पारिवारिक परिस्थितियों के बावजूद बीमारी के दौरान पूरा परिवार एकजुट दिखाई दिया. यही वजह रही कि अखिलेश यादव की अस्पताल यात्रा भी काफी चर्चा में रही थी. प्रतीक यादव के निधन पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी दुख जताया. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री, पद्म विभूषण स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव जी के पुत्र एवं उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष श्रीमती अपर्णा यादव जी के पति श्री प्रतीक यादव जी का आकस्मिक निधन अत्यंत दुःखद है. विनम्र श्रद्धांजलि. मुख्यमंत्री ने आगे लिखा कि उनकी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवार के साथ हैं और प्रभु श्रीराम से दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना की.

Advertisement

प्रतीक यादव सक्रिय राजनीति से दूर रहे, लेकिन वह हमेशा देश के सबसे चर्चित राजनीतिक परिवारों में शामिल रहे. वह मुलायम सिंह यादव और उनकी दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के बेटे थे. हालांकि परिवार की राजनीतिक विरासत बेहद बड़ी थी, लेकिन उन्होंने कभी राजनीति में सक्रिय भूमिका नहीं निभाई. उनकी पहचान बिजनेसमैन और फिटनेस प्रेमी के तौर पर ज्यादा रही. उन्होंने ब्रिटेन की यूनिवर्सिटी ऑफ लीड्स से पढ़ाई की थी. इसके बाद वह रियल एस्टेट और फिटनेस कारोबार से जुड़े. लखनऊ में प्रतीक यादव ‘द फिटनेस प्लानेट’ नाम से जिम चलाते थे. फिटनेस को लेकर उनकी दिलचस्पी काफी चर्चा में रहती थी. सोशल मीडिया पर भी वह हेल्दी लाइफस्टाइल और फिटनेस से जुड़े पोस्ट शेयर करते रहते थे. इसके अलावा वह पशु प्रेम के लिए भी जाने जाते थे. उन्होंने ‘जीव आश्रय’ नाम से संस्था बनाई थी, जो स्ट्रीट डॉग्स के इलाज, रेस्क्यू और देखभाल का काम करती थी.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement