'पुजारी जी हैं क्या...' मुजफ्फरनगर में शिव मंदिर से बाहर निकलते स्वामी देवानंद भारती की गोली मारकर हत्या, शरीर के आर-पार हुई बुलेट

मुजफ्फरनगर के भौराकलां थाना क्षेत्र स्थित आईटीआई कॉलेज प्रांगण के शिव मंदिर में देर शाम 81 वर्षीय पुजारी स्वामी देवानंद भारती की गोली मारकर हत्या कर दी गई. बाइक सवार दो हमलावरों ने आवाज देकर उन्हें बाहर बुलाया और वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.

Advertisement
मंदिर परिसर में जांच करती पुलिस टीम (Photo- ITG) मंदिर परिसर में जांच करती पुलिस टीम (Photo- ITG)

संदीप सैनी

  • मुजफ्फरनगर ,
  • 14 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 9:05 AM IST

उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में शिव मंदिर के 81 वर्षीय पुजारी स्वामी देवानंद भारती की देर शाम बाइक सवार दो अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी. ग्वालियर के मूल निवासी और रिटायर्ड फौजी स्वामी देवानंद भारती को हमलावरों ने पहले आवाज देकर बाहर बुलाया और फिर उन पर गोली चला दी, जिससे उनकी मौत हो गई. घटना की सूचना मिलते ही थाना भौराकलां पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया. 

Advertisement

मंदिर प्रांगण में वारदात से फैली सनसनी

मंगलवार देर शाम घटी इस वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. पुलिस उपमहानिरीक्षक सहारनपुर परिक्षेत्र अभिषेक सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुजफ्फरनगर सूरज कुमार राय ने तुरंत घटनास्थल का निरीक्षण किया.

फोरेंसिक एवं फील्ड यूनिट ने भी मौके पर पहुंचकर बारीकी से सबूत  कलेक्ट करने की कार्यवाही की. मौके पर मौजूद पीआरडी जवान ने गोली चलने की आवाज सुनी, जिसके बाद हमलावर अपनी मोटरसाइकिल से मौके से फरार हो गए.

परिचितों पर हत्या का शक 

शुरुआती जांच और परिस्थितियों के आधार पर पुलिस का मानना है कि हत्यारे मृतक पुजारी के पूर्व परिचित हो सकते हैं. हत्यारों ने पहले पुजारी को नाम या आवाज देकर बाहर बुलाया और फिर गोली मारी. पुलिस को मौके से कोई हथियार तो बरामद नहीं हुआ है, लेकिन शरीर के आर-पार हुई बुलेट को बरामद कर लिया गया है, जिसे फोरेंसिक जांच के लिए सुरक्षित पैक किया गया है.

Advertisement

पुलिस ने गठित की तीन विशेष टीमें

मामले के खुलासे और अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए एसओजी, सर्विलांस और थाना भौराकलां की तीन अलग-अलग टीमों का गठन किया गया है. पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले में कई अहम साक्ष्य मिले हैं, जिनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है. वर्तमान में क्षेत्र में कानून एवं शांति व्यवस्था पूरी तरह सामान्य बनी हुई है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »