Uttar Pradesh News: गाजियाबाद के ट्रोनिका सिटी थाना क्षेत्र के रामपार्क में सोमवार देर रात राशिद नामक व्यक्ति ने अपनी 36 वर्षीय पत्नी शबनम और 32 वर्षीय दोस्त फहीम की गोली मारकर हत्या कर दी. घटना बुद्ध बाजार मोहल्ले में राशिद के घर के अंदर रात करीब 12:40 बजे हुई.
पुलिस जांच के अनुसार, आरोपी ने वारदात से पहले पत्नी और दोस्त के साथ बैठकर खाना खाया था. अवैध प्रेम प्रसंग के चलते हुए विवाद के बाद राशिद ने तमंचे से दोनों पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई.
दरअसल, 7 बच्चों की मां शबनम का अपने पड़ोसी फहीम से पिछले एक साल से संबंध था, जिसका राशिद लगातार विरोध कर रहा था. मना करने पर जब पत्नी नहीं मानी तो पति ने खौफनाक कदम उठाया.
सूचना मिलते ही डीसीपी ग्रामीण सुरेंद्र नाथ तिवारी और ट्रोनिका सिटी पुलिस मौके पर पहुंची. घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए फील्ड यूनिट को बुलाया गया और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.
पुलिस ने बताया कि शबनम और फहीम के बीच नजदीकियों से घर में अक्सर झगड़ा होता था. वारदात के बाद से आरोपी राशिद फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए तीन विशेष टीमें गठित की गई हैं. पुलिस परिजनों की तहरीर के आधार पर वैधानिक कार्रवाई कर रही है. इस डबल मर्डर से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है.
मयंक गौड़