Uttar Pradesh News: मेरठ के सरूरपुर निवासी प्रदीप ने शुक्रवार सुबह अपनी 45 वर्षीय पत्नी निशा चौहान की चाकू से ताबड़तोड़ वार कर निर्मम हत्या कर दी. यह वारदात कस्बा हर्रा में एक प्लॉट की रजिस्ट्री को लेकर हुए विवाद के चलते हुई. आरोपी प्रदीप और निशा के बीच गुरुवार से ही जमीन अपने-अपने नाम कराने को लेकर झगड़ा चल रहा था. आज सुबह विवाद बढ़ने पर प्रदीप ने चाकू से हमला कर पत्नी को मौत के घाट उतार दिया. बीच-बचाव करने आया उनका बेटा भी इस हमले में घायल हो गया. वारदात के बाद आरोपी ने खुद पर भी चाकू से वार कर आत्महत्या का प्रयास किया.
बच्चों के सामने खूनी खेल और चीख-पुकार
निशा चौहान सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय थीं और इंस्टाग्राम पर रील बनाने के कारण उनके हजारों फॉलोअर्स थे. वह कस्बे में ही अपना ब्यूटी पार्लर भी चलाती थीं. शुक्रवार सुबह जब प्रदीप ने उन पर चाकुओं से हमला किया, तो मां को खून से लथपथ देखकर बच्चे चिल्लाने लगे. चीख-पुकार सुनकर जब तक पड़ोसी मदद के लिए घर के भीतर पहुंचे, तब तक निशा की सांसें थम चुकी थीं. पड़ोसियों ने तुरंत घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को दी.
खुदकुशी की कोशिश, आरोपी अस्पताल में भर्ती
निशा की हत्या करने के बाद आरोपी प्रदीप ने खुद के शरीर पर भी चाकू से कई वार किए. पड़ोसी जब मौके पर पहुंचे तो प्रदीप खून से लथपथ और बेहोश पड़ा हुआ था. पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए घायल प्रदीप को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है. पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. निशा की मौत के बाद उनके वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं.
सीसीटीवी फुटेज और फॉरेंसिक जांच जारी
घटना की जानकारी मिलते ही सीओ सरधना आशुतोष कुमार और थाना प्रभारी गौरव सिंह पुलिस बल व फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और घर के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को भी अपने कब्जे में ले लिया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच में हत्या की वजह प्रॉपर्टी का विवाद ही सामने आई है. फिलहाल पुलिस मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है.
उस्मान चौधरी