छुट्टी पर आए BSF जवान की घर में गोली मारकर हत्या, पत्नी ही निकली साजिश की मास्टरमाइंड

मेरठ के इंचौली क्षेत्र में छुट्टी पर आए बीएसएफ जवान नैन सिंह की हत्या का पुलिस ने खुलासा किया है. पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आया है कि मृतक की पत्नी कोमल ने प्रेमी गुलशन को गहने गिरवी रखकर पैसे दिए थे. गुलशन ने साथियों संग गोली मारकर हत्या कर दी. पुलिस ने पत्नी समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर अवैध तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं.

Advertisement
गहने गिरवी रखकर रची खौफनाक साजिश.(Photo: Usman Chaudhary/ITG) गहने गिरवी रखकर रची खौफनाक साजिश.(Photo: Usman Chaudhary/ITG)

उस्मान चौधरी

  • मेरठ,
  • 03 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 6:04 PM IST

मेरठ में पति-पत्नी के रिश्ते को झकझोर देने वाला सनसनीखेज हत्याकांड सामने आया है. यहां पत्नी ने ही अपने प्रेमी के साथ मिलकर बीएसएफ जवान नैन सिंह की हत्या की साजिश रची. पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए मृतक की पत्नी समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.

घटना मेरठ के थाना इंचौली क्षेत्र के गांव धनपुर की है. 28 मार्च को डायल 112 पर सूचना मिली कि छुट्टी पर आए बीएसएफ जवान नैन सिंह का शव घर में गोली लगा हुआ मिला है. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया. इस दौरान मृतक के परिजनों ने रंजिश की आशंका जताते हुए गांव के चार पड़ोसियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया. मृतक के पिता गरीबदास की तहरीर पर केस दर्ज किया गया.

Advertisement

यह भी पढ़ें: दो साल से चल रहा किडनी रैकेट, मेरठ के अल्फा अस्पताल से जुड़े कानपुर कनेक्शन का खुलासा

पुलिस ने वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की. जांच के दौरान पता चला कि 27/28 मार्च की रात कुछ आवाजें पड़ोसियों ने सुनी थीं, लेकिन नैन सिंह घर में अकेले रहते थे, इसलिए किसी ने ध्यान नहीं दिया. अगले दिन घर में उनका शव मिलने के बाद मामला सामने आया.

जांच में सामने आया प्रेम प्रसंग

जांच के दौरान पुलिस को एक सीसीटीवी फुटेज मिला, जिसमें घर से बाहर रोशनी निकलती दिखाई दी. इससे संकेत मिला कि घटना के समय दरवाजा खोला गया था. आगे की जांच में पता चला कि मृतक के मौसेरे भाई गुलशन का नैन सिंह की पत्नी कोमल से लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था. बताया गया कि कोमल काफी समय से अलग रह रही थी.

Advertisement

जांच में यह भी सामने आया कि मृतक नैन सिंह गुलशन को अवैध संबंधों को लेकर ताने देते थे और गाली-गलौज करते थे. इसी बात से नाराज होकर हत्या की साजिश रची गई. पुलिस के अनुसार, कोमल ने अपने गहने गिरवी रखकर पैसे जुटाए और वह रकम अपने प्रेमी गुलशन को दे दी.

गुलशन ने इस योजना में अपने दोस्तों को शामिल किया. इसके बाद योजना के तहत नैन सिंह को गोली मारकर हत्या कर दी गई.

पांच आरोपी गिरफ्तार, हथियार बरामद

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गुलशन, राहुल उर्फ पवन, गुड्डू, मोंटू और मृतक की पत्नी कोमल को गिरफ्तार कर लिया है.

मेरठ के एसएसपी अविनाश पांडे ने बताया कि आरोपियों की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल एक अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस (.315 बोर) बरामद किया गया है.

पुलिस के अनुसार अब तक की जांच में स्पष्ट हुआ है कि पत्नी ने अपने गहने गिरवी रखकर पैसे गुलशन को दिए थे. गुलशन ने वही पैसा अपने साथियों में बांटकर वारदात को अंजाम दिया. मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement