मथुरा के कोसीकलां इलाके में पैसों के लेनदेन को लेकर दोस्त की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है. आरोप है कि तीन दोस्तों ने मिलकर अपने साथी शौकीन की जान ली. हत्या के बाद शव को ठिकाने लगाने के लिए ऐसा तरीका अपनाया, जिससे मामला और भी गंभीर हो गया. पुलिस ने जांच के बाद एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीन अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है.
पुलिस के मुताबिक, शौकीन मथुरा के थाना कोसीकलां इलाके के बड़का गांव का रहने वाला था. वह बरसाना में टाइल और पत्थर लगाने का काम करता था. बताया जा रहा है कि शौकीन का अपने साथियों के साथ 25 हजार रुपये के लेनदेन को लेकर विवाद था. इसी विवाद के चलते आरोपियों ने उसे 3 अक्टूबर की रात बुलाया.
पहले कुएं में फेंका, फिर शव दफनाया
आरोप है कि तीनों दोस्तों ने शौकीन को कुएं में फेंककर उसकी हत्या कर दी. इसके बाद शव को ठिकाने लगाने के लिए उसे कुएं से बाहर निकाला गया. फिर बाँसा गांव के किनारे गड्ढा खोदा गया और शव को उसमें दफना दिया गया. इस तरह आरोपियों ने हत्या के बाद सबूत छिपाने की कोशिश की.
मामले की गहन छानबीन के बाद पुलिस ने आशीष नाम के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. वहीं, उसके तीन अन्य साथियों ओमप्रकाश, विष्णु और लक्ष्मण की तलाश की जा रही है. पुलिस मामले से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है.
सीओ छाता ने दी मामले की जानकारी
सीओ छाता भूषण वर्मा ने बताया कि कोसीकलां इलाके में 25 हजार रुपये के लेनदेन को लेकर शौकीन की हत्या की गई थी. पुलिस की जांच के बाद आरोपी आशीष को गिरफ्तार कर लिया गया है. इस मामले में उसके तीन अन्य साथियों ओमप्रकाश, विष्णु और लक्ष्मण की तलाश जारी है. पुलिस अब फरार आरोपियों की तलाश कर रही है. मामले में आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जा रही है.
मदन गोपाल शर्मा