जेल से अस्पताल पहुंचा, वहां से फरार हो गया... लखनऊ के KGMU से पुलिस को चकमा देकर भागा बंदी

लखनऊ के KGMU में इलाज करा रहा एक विचाराधीन कैदी फरार हो गया. शुक्रवार की सुबह जब सुरक्षा कर्मियों ने उसकी जांच की तो बंदी का बेड खाली मिला. इसके बाद पुलिस और जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया. अब फरार बंदी की तलाश के साथ-साथ उसकी सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों की भूमिका भी जांच के घेरे में है.

Advertisement
तबीयत बिगड़ने पर अस्पताल में कराया गया था भर्ती. (Photo: Representational) तबीयत बिगड़ने पर अस्पताल में कराया गया था भर्ती. (Photo: Representational)

आशीष श्रीवास्तव

  • लखनऊ,
  • 13 जून 2026,
  • अपडेटेड 8:08 AM IST

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में पुलिस कस्टडी में इलाज करा रहा एक विचाराधीन कैदी किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) से फरार हो गया. घटना सामने आने के बाद पुलिस और जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया है. फरार बंदी की तलाश के लिए कई टीमें लगाई गई हैं, जबकि उसकी सुरक्षा में तैनात दो पुलिसकर्मियों के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज किया गया है.

Advertisement

जानकारी के मुताबिक, फरार बंदी की पहचान हैदर अली के रूप में हुई है, जो ओडिशा के बालासोर का रहने वाला है. हैदर अली रेप और धोखाधड़ी के मामलों में जेल में बंद था और विचाराधीन कैदी के तौर पर न्यायिक हिरासत में था. तबीयत खराब होने पर उसे पहले जेल अस्पताल में भर्ती कराया गया था.

हालत में सुधार नहीं होने पर उसे बलरामपुर अस्पताल रेफर किया गया. बाद में बेहतर इलाज के लिए उसे KGMU में भर्ती कराया गया था. अस्पताल में उसकी निगरानी की जिम्मेदारी हेड कॉन्स्टेबल दिनेश कुमार और बंदी रक्षक धर्मेंद्र सिंह को सौंपी गई थी.

यह भी पढ़ें: जम्मू के बाल सुधार गृह से दो पाकिस्तानी समेत तीन कैदी फरार, हमले में दो पुलिसकर्मी घायल

शुक्रवार की सुबह नियमित जांच के दौरान सुरक्षा कर्मियों को पता चला कि हैदर अली अस्पताल से गायब है. यह जानकारी मिलते ही दोनों पुलिसकर्मियों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन काफी खोजबीन के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिल सका. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और जेल प्रशासन में अफरा-तफरी मच गई.

Advertisement

अस्पताल परिसर और आसपास के इलाकों में तलाशी अभियान चलाया गया. साथ ही संभावित ठिकानों पर भी दबिश दी जा रही है. इस मामले में जेलर ऋत्विक प्रियदर्शी की तहरीर पर चौक कोतवाली में सुरक्षा में तैनात हेड कॉन्स्टेबल दिनेश कुमार और बंदी रक्षक धर्मेंद्र सिंह के खिलाफ लापरवाही का केस दर्ज किया गया है. पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि बंदी अस्पताल से किस तरह फरार हुआ और कहीं उसे किसी अंदरूनी मदद तो नहीं मिली.

फरार बंदी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं. पुलिस उसके पुराने संपर्कों, रिश्तेदारों और संभावित ठिकानों की जानकारी जुटा रही है. फिलहाल पुलिस का कहना है कि फरार बंदी को जल्द गिरफ्तार करने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं और मामले की जांच जारी है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »