15 दिन से था लापता, फिर इंस्टाग्राम बना सहारा... अस्पताल में एडमिट मरीज के परिवार से मिलने की कहानी

लखनऊ के KGMU में 15 दिन से लावारिस और बेहोश पड़े विशाल को आखिरकार उसका परिवार मिल गया. सड़क किनारे मिले विशाल की पहचान पुलिस ने आधार कार्ड से की, लेकिन असली कमाल इंस्टाग्राम की एक फोटो ने किया.

Advertisement
कांस्टेबल धर्मवीर ने मसीहा बनकर घायल विशाल को अस्पताल पहुंचाया था (Photo: ITG) कांस्टेबल धर्मवीर ने मसीहा बनकर घायल विशाल को अस्पताल पहुंचाया था (Photo: ITG)

आशीष श्रीवास्तव

  • लखनऊ,
  • 18 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 12:41 PM IST

लखनऊ में एक ऐसी कहानी सामने आई है, जिसमें 15 दिन तक लावारिस पड़े एक मरीज को आखिरकार उसका परिवार मिल गया. इस पूरे मामले में सबसे अहम भूमिका एक फोटो ने निभाई, जो इंस्टाग्राम पर शेयर हुई थी. इसी फोटो के जरिए परिवार तक खबर पहुंची और बिछड़ा हुआ अपना फिर से मिल सका.

कहते हैं कि अगर ऊपर वाला बचाने पर आए, तो कोई न कोई जरिया बन ही जाता है. 5 अप्रैल की बात है, जब मानक नगर का रहने वाला विशाल वर्मा सड़क किनारे बेहोश और बेहद गंभीर हालत में मिला था. किसी ने सुध नहीं ली, लेकिन पुलिस कांस्टेबल धर्मवीर ने इंसानियत दिखाई और उसे तुरंत उठाकर केजीएमयू (KGMU) के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया. विशाल वहां न्यूरो सर्जरी वार्ड में बेहोश पड़ा था, न कोई नाम पता था और न ही कोई अपना.

Advertisement

पुलिस ने जब पड़ताल शुरू की तो उसके आधार कार्ड से पहचान तो हो गई, लेकिन कहानी इतनी आसान नहीं थी. पुलिस जब उसके पुराने पते पर पहुंची तो पता चला कि परिवार वहां से उन्नाव शिफ्ट हो गया है. काफी मशक्कत के बाद उन्नाव में उसके परिजनों से संपर्क हुआ. पुलिस के सामने चुनौती बड़ी थी क्योंकि विशाल अब भी मौत से जंग लड़ रहा था और उसे अपनों के सहारे की सख्त जरूरत थी.

सोशल मीडिया बना मसीहा

यहीं से इस पूरी कहानी में सोशल मीडिया का बड़ा रोल शुरू हुआ. विशाल की फोटो अखबारों और व्हाट्सएप ग्रुप्स के साथ-साथ इंस्टाग्राम पर तेजी से वायरल होने लगी. लोग एक-दूसरे को फोटो भेज रहे थे और दुआएं कर रहे थे. आखिरकार, यह फोटो विशाल की पत्नी अंजली और उसकी बहन तक पहुंच गई. जैसे ही उन्होंने इंस्टाग्राम पर अपने विशाल को इस हालत में देखा, वे सब कुछ छोड़कर केजीएमयू अस्पताल की तरफ भागीं.

Advertisement

अस्पताल पहुंचने पर जो मंजर था, वो किसी की भी आंखों में आंसू ला दे. जो शख्स 15 दिन से लावारिस बनकर बेड पर पड़ा था, आज उसके सिरहाने उसकी पत्नी,बहन और खड़ी थीं. भले ही विशाल अभी भी बेहोश है और डॉक्टरों की टीम उसकी जान बचाने में जुटी है, लेकिन अब उसे लावारिस कहने वाला कोई नहीं है. पुलिस की मेहनत और इंस्टाग्राम की एक वायरल फोटो ने वो कर दिखाया, जो नामुमकिन लग रहा था.

मरीज अभी भी बेहोश

फिलहाल, न्यूरोसर्जरी विभाग के डॉ. बीके ओझा की देखरेख में मरीज का इलाज जारी है. विभाग के STO अतुल उपाध्याय के अनुसार, मरीज अभी भी बेहोश है, लेकिन राहत की बात यह है कि उसके परिजनों का पता चल गया है. पहले हम उसे लावारिश मरीज समझ रहे थे.  

---- समाप्त ----

TOPICS:
Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement