UP News: लखनऊ के महानगर थाना क्षेत्र स्थित प्राइवेट अस्पताल से शर्मनाक घटना सामने आई है. यहां भर्ती एक महिला मरीज के साथ वार्ड बॉय ने रेप की कोशिश की. घटना बुधवार देर रात की है. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. आरोप है कि वार्ड बॉय अनीस अहमद महिला मरीज के पीछे-पीछे अस्पताल के महिला टॉयलेट में चला गया था. आरोपी टॉयलेट का दरवाजा बंद कर लिया और महिला के साथ गलत हरकत करने लगा. महिला ने विरोध किया तो आरोपी ने उसके साथ मारपीट भी की.
पीड़िता के परिजनों के अनुसार, महिला सीतापुर की रहने वाली है और 19 मार्च से अस्पताल में भर्ती थी. बुधवार शाम जब वह वार्ड के पास बने महिला टॉयलेट में गई, तो काफी देर तक बाहर नहीं आई. इस पर उसकी बड़ी बहन को शक हुआ और वह टॉयलेट के बाहर पहुंची। दरवाजा अंदर से बंद था, जिसके बाद परिजनों को बुलाया गया और शोर-शराबा शुरू हो गया.
हंगामा बढ़ता देख अस्पताल का स्टाफ भी मौके पर पहुंच गया. जब किसी तरह शौचालय का दरवाजा खुलवाया गया तो आरोपी मौके पर मिला. इस दौरान भीड़ बढ़ते ही वह फरार हो गया.
यह भी पढ़ें: नहाते हुए बनाया लड़की का वीडियो, ब्लैकमेल कर बार-बार किया रेप... कोर्ट ने सुनाई 30 साल की सजा
घटना के बाद पीड़िता के भाई की तहरीर पर महानगर थाने में केस दर्ज किया गया है. पुलिस ने मामले की जांच करते हुए सर्विलांस की मदद से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. उसकी पहचान अनीस अहमद निवासी सीतापुर के रूप में हुई है, जो फिलहाल लखनऊ के मदेयगंज इलाके में रह रहा था.
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने खुद को बचाने की कोशिश करते हुए कहा कि वह सिर्फ सिगरेट पीने टॉयलेट गया था और उसने कोई गलत हरकत नहीं की. हालांकि, पीड़िता और उसके परिजनों के आरोपों के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई की है.
उधर, घटना सामने आने के बाद अस्पताल प्रशासन ने भी आरोपी वार्ड बॉय को तत्काल प्रभाव से नौकरी से निकाल दिया है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.
आशीष श्रीवास्तव