कुशीनगर में पार्किंग को लेकर हुए विवाद में लोगों के एक समूह ने 30 साल के एक व्यक्ति को लाठियों से पीट-पीटकर मार डाला. इस बात की जानकारी एक पुलिस अधिकारी ने एक न्यूज एजेंसी को दी. अधिकारी के मुताबिक यह घटना शुक्रवार शाम को बोदरवार बाज़ार इलाके में हुई, जब गोविंद साहनी अपने घर से थोड़ी ही दूरी पर स्थित एक स्थानीय बाज़ार में सब्ज़ियां खरीदने जा रहे थे.
लाठियों से पीट-पीटकर ले ली जान
साहनी के परिवार के अनुसार उसी बाज़ार इलाके में स्थित एक दलित बस्ती के रहने वाले सुभाष ने अपने परिवार के सदस्यों के साथ मिलकर रास्ते में गोविंद को रोका और लाठियों से पीट दिया. शोर-शराबा सुनकर, वहां मौजूद लोगों ने गोविंद के परिवार वालों को इसकी सूचना दी.
यह भी पढ़ें: नोएडा फिल्म सिटी की पार्किंग में खड़ी नई क्रेटा कार पर शरारती तत्वों ने किया पेंट स्प्रे, पूरी गाड़ी हुई खराब
जब उनकी मां, सुभद्रा, घटनास्थल पर पहुंचीं, तो उन्होंने गोविंद को बेहोश और खून से लथपथ पाया. उनके परिवार वाले उन्हें तुरंत कप्तानगंज के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया.
SHO ने क्या कहा?
कप्तानगंज पुलिस थाने के SHO दीपक सिंह ने बताया कि वे अन्य पुलिसकर्मियों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और पीड़ित के परिवार व वहां के निवासियों से घटना के बारे में जानकारी जुटाई. पुलिस के अनुसार कुछ दिन पहले आरोपी और पीड़ित के बीच मोटरसाइकिल की पार्किंग को लेकर विवाद हुआ था.
पुलिस ने आरोपियों की तलाश में कई जगहों पर छापेमारी शुरू कर दी है. SHO ने बताया कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. मामले में अग्रिम कार्रवाई जारी है.
aajtak.in