'मेरी शादी में जरूर आइए योगी जी', केरलम की लड़की ने CM को लिखा भावुक पत्र

केरलम की अरुंधति ने उत्तर प्रदेश के CM योगी आदित्यनाथ को अपनी शादी में शामिल होने का न्योता भेजा है. बचपन में योगी का एक वीडियो देखकर अरुंधति की भावनाओं को लेकर सोच बदल गई थी. अब उन्होंने अपनी शादी के लिए योगी को दो पन्नों की भावुक चिट्ठी लिखी है, जिसमें अपने जीवन से जुड़ी खास बात भी साझा की है.

Advertisement
योगी को बड़े भाई की तरह मानती हैं अरुंधति. (Photo: ITG/PTI) योगी को बड़े भाई की तरह मानती हैं अरुंधति. (Photo: ITG/PTI)

संतोष शर्मा

  • लखनऊ,
  • 17 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 9:09 PM IST

केरलम की रहने वाली अरुंधति ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को अपनी शादी में शामिल होने का न्योता दिया है. अरुंधति योगी को सिर्फ एक नेता नहीं, बल्कि बड़े भाई की तरह मानती हैं. बचपन में योगी का एक वीडियो देखकर उनकी भावनाओं को लेकर सोच बदल गई थी. अब अपनी शादी के खास मौके पर उन्होंने योगी को हाथ से लिखी दो पन्नों की चिट्ठी भेजी है. इसमें उन्होंने शादी में आने या कम से कम अपना आशीर्वाद देने की अपील की है.

Advertisement

अरुंधति ने अपनी चिट्ठी में बचपन का एक किस्सा साझा किया है. वह छोटी-छोटी बातों पर भावुक हो जाती थीं. इस वजह से उन्हें लगता था कि शायद वह दूसरों के मुकाबले कमजोर हैं. उनके कुछ दोस्त भी मानते थे कि मजबूत बनने के लिए भावनाओं पर काबू रखना जरूरी है. धीरे-धीरे अरुंधति के मन में भी सवाल उठने लगा कि क्या आसानी से रो पड़ना सच में कमजोरी है? क्या अपनी भावनाएं जाहिर करना गलत है?

इसी दौरान उनके चचेरे भाई ने उन्हें उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का एक वीडियो दिखाया. इस वीडियो में योगी भावुक नजर आ रहे थे. उनके भाई ने अरुंधति को समझाया कि भावुक होने का मतलब कमजोर होना नहीं है. कोई व्यक्ति अपनी भावनाओं को जाहिर करने के साथ-साथ मजबूत भी हो सकता है.

Advertisement
केरलम की अरुंधति ने योगी को लिखी चिट्ठी

यह बात अरुंधति के मन में बैठ गई. उन्हें पहली बार एहसास हुआ कि आंसू कमजोरी की निशानी नहीं हैं. इस घटना ने भावनाओं को देखने का उनका नजरिया बदल दिया.

20 दिसंबर को होगी अरुंधति और राहुल की शादी

योगी आदित्यनाथ से मिली आगे बढ़ने की प्रेरणा

अरुंधति के लिए वह वीडियो सिर्फ बचपन की एक याद नहीं है. उससे उन्हें यह सीख मिली कि मजबूत होने का मतलब अपनी भावनाओं को छिपाना नहीं है. मुश्किल समय में खुद पर भरोसा रखना, गिरने के बाद दोबारा उठना और आगे बढ़ते रहना भी मजबूती का हिस्सा है. अरुंधति ने अपनी चिट्ठी में लिखा, "जब भी मैं खुद पर संदेह करती हूं, आपसे मुझे आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है."

वह योगी आदित्यनाथ की जिंदगी के सफर को हिम्मत और लगातार कोशिश करते रहने की प्रेरणा के तौर पर देखती हैं. जब भी उन्हें खुद पर भरोसा कम होता महसूस होता है, योगी से मिली सीख उन्हें आगे बढ़ने की हिम्मत देती है.

20 दिसंबर को है अरुंधति और राहुल की शादी

अरुंधति अब अपनी जिंदगी के नए सफर की शुरुआत करने जा रही हैं. उनकी और राहुल की शादी 20 दिसंबर 2026 को केरलम के अलुवा स्थित ग्रीन पार्क कन्वेंशन सेंटर में होनी है. इस खास मौके पर अरुंधति चाहती हैं कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी समारोह में शामिल हों.

Advertisement

इसी वजह से उन्होंने योगी को हाथ से लिखी दो पन्नों की चिट्ठी भेजकर शादी का न्योता दिया है. इस चिट्ठी में उन्होंने अपने मन की बात साझा करते हुए बताया कि योगी उनके लिए कितने खास हैं.

अरुंधति ने लिखा, "मेरे लिए आप एक नेता से कहीं बढ़कर हैं. मैंने आपको हमेशा एक बड़े भाई की तरह देखा है, जिसकी यात्रा ने मुझे हिम्मत और प्रेरणा दी है."

अरुंधति जानती हैं कि मुख्यमंत्री के लिए शादी में शामिल होने के लिए केरलम पहुंचना आसान नहीं हो सकता. इसलिए उन्होंने चिट्ठी में यह भी कहा है कि अगर योगी समारोह में नहीं आ पाते, तो उनका शुभकामना संदेश और आशीर्वाद भी उनके लिए बेहद खास होगा. ऐसे में अरुंधति की यह चिट्ठी शादी के न्योते से कहीं बढ़कर है. इसमें उस सीख के लिए आभार भी है, जिसने उन्हें अपनी भावनाओं को कमजोरी समझना छोड़ने और खुद पर भरोसा करना सिखाया.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »