कौशांबी में भैंस चोरों से पुलिस की मुठभेड़, दो आरोपियों के पैर में लगी गोली, 5 गिरफ्तार

यूपी के कौशांबी में भैंस चोरी करने वाले गैंग के साथ पुलिस की देर रात मुठभेड़ हो गई. आरोपी पुलिस पर फायरिंग कर भागने की कोशिश कर रहे थे. इस दौरान जवाबी कार्रवाई में दो आरोपियों के पैर में गोली लगी. इस दौरान पुलिस ने पांच आरोपियों को पकड़ लिया. उनके कब्जे से चोरी की पांच भैंसें, तमंचे, कारतूस और चोरी में इस्तेमाल पिकअप वाहन बरामद हुआ है.

Advertisement
भैंसों को पिकअप वाहन में लादकर फरार हो गए थे आरोपी. (Photo: ITG) भैंसों को पिकअप वाहन में लादकर फरार हो गए थे आरोपी. (Photo: ITG)

अखिलेश कुमार

  • कौशांबी,
  • 07 मई 2026,
  • अपडेटेड 9:48 AM IST

उत्तर प्रदेश के कौशांबी में भैंस चोरी करने वाले गिरोह की पुलिस के साथ मुठभेड़ हो गई. इस दौरान पांच आरोपियों को पकड़ा गया है. दो आरोपी पुलिस की जवाबी फायरिंग में गोली लगने से घायल हो गए. वहीं मौके से चोरी की पांच भैंसें, तमंचे, कारतूस और चोरी में इस्तेमाल किया गया पिकअप वाहन बरामद किया गया है.

मंझनपुर थाना क्षेत्र के बंधवा रजबर गांव निवासी संतोष कुमार और भेलखा गांव निवासी अर्जुन कुमार ने पुलिस से शिकायत की थी कि 29 और 30 अप्रैल की रात अज्ञात चोर उनकी भैंसें चोरी कर पिकअप वाहन से फरार हो गए. लगातार हो रही पशु चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए एसपी सत्यनारायण ने मामले के खुलासे के लिए मंझनपुर थाना पुलिस और सर्विलांस टीम को लगाया था.

Advertisement

इसी बीच पुलिस टीम को सूचना मिली कि भैंस चोरी में शामिल आरोपी पतौना पुल की तरफ से गुजरने वाले हैं. सूचना मिलते ही पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर वाहनों की चेकिंग शुरू कर दी. इसी दौरान एक संदिग्ध पिकअप वाहन आता दिखाई दिया.

पुलिस ने वाहन रोकने का इशारा किया, लेकिन आरोपियों ने रुकने के बजाय पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी और भागने की कोशिश की. इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की. मुठभेड़ के दौरान दिलशाद और राज उर्फ भोला कलीम के पैर में गोली लग गई, जिससे दोनों घायल हो गए.

यह भी पढ़ें: ग्रेटर नोएडा: नाली के विवाद में LLB छात्र की गोली मारकर हत्या, पुलिस ने किया मुख्य आरोपी टिल्लू का एनकाउंटर

पुलिस ने मौके से पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपियों में दिलशाद, राज उर्फ भोला कलीम, भोला, जवील और सलमान अहमद शामिल हैं. घायल आरोपियों को इलाज के लिए जिला अस्पताल मंझनपुर भेजा गया है.

Advertisement

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो तमंचा 315 बोर, चार खोखा कारतूस, दो जिंदा कारतूस, 10 हजार 300 रुपये कैश, चोरी में इस्तेमाल किया गया पिकअप वाहन और उसमें लदी पांच चोरी की भैंसें बरामद की हैं.

पूछताछ में आरोपियों ने कई खुलासे किए हैं. पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने कबूल किया है कि उन्होंने 29-30 अप्रैल की रात बंधवा रजबर और भेलखा गांव से भैंस चोरी की थी. इसके अलावा 24 मार्च को थाना कौशांबी क्षेत्र के गुरौली गांव से भी एक भैंस और उसके बच्चे की चोरी की थी.

डीएसपी सदर शिवांक सिंह ने बताया कि आरोपी चोरी की भैंसों को दूसरे जिलों में बेच देते थे और उससे मिलने वाली रकम आपस में बांट लेते थे. इसी पैसे से वे अपना खर्च चलाते थे. पुलिस का कहना है कि गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश भी जारी है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement