यूपी के कौशांबी जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला एक मामला सामने आया है. यहां जमीन के बंटवारे को लेकर कलयुगी बेटों ने अपने ही पिता की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी. वारदात के बाद गांव में हड़कंप मच गया. सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा. फिलहाल पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है.
यह मामला महेवा घाट थाना क्षेत्र के अजरौली गांव का है. जहां के रहने वाले 60 वर्षीय नाथन सरोज की उनके ही सगे बेटों ने कुल्हाड़ी से काटकर बेरहमी से हत्या कर दी. बताया जा रहा है कि नाथन सरोज ने दो शादियां की थीं. पहली पत्नी कलूटिया से उनके दो बेटे झुरई और लवलेश हैं, जबकि दूसरी पत्नी सावित्री से एक बेटा राहुल है.
यह भी पढ़ें: मिल्कशेक में जहर देकर हेड कॉन्स्टेबल पिता की हत्या… 3 साल बाद प्रेमी ने खोला राज, बेटी निकली मास्टरमाइंड
पुलिस के मुताबिक नाथन सरोज के पास करीब चार बीघा जमीन थी. उन्होंने अपनी दूसरी पत्नी के बेटे राहुल को सवा बीघा जमीन दे दी थी. इसी बात को लेकर पहली पत्नी के बेटे झुरई और लवलेश नाराज चल रहे थे और पिता से उनका लगातार विवाद हो रहा था. बताया जा रहा है कि इसी विवाद के चलते दोनों बेटों ने कुल्हाड़ी से हमला कर अपने पिता की हत्या कर दी और मौके से फरार हो गए.
इसलिए की गई हत्या
घटना की सूचना मिलते ही एसपी राजेश कुमार, एडिशनल एसपी राजेश सिंह, महेवा घाट थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा. फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है.
मामले में एसपी राजेश कुमार ने बताया कि अजरौली गांव में एक 60 वर्षीय व्यक्ति थे. उनके सगे बेटों ने कुल्हाड़ी से वार कर उनकी हत्या कर दी. पीड़ित की दो पत्नियों थीं. एक पत्नी के दो लड़के थे और एक पत्नी के एक लड़का था. उनके नाम जो जमीन थी, उसमें से सवा बीघा उन्होंने दूसरी पत्नी के नाम कर दी थी. इसी बात से नाराज होकर बेटों ने निर्मम हत्या कर दी. हत्या के बाद बेटों ने डेड बॉडी को छिपाने का भी काम किया. फिलहाल मामले में अन्य कार्रवाई जारी है.
अखिलेश कुमार