जयमाला के बाद हुआ बवाल, 5 लाख की डिमांड और मारपीट, दुल्हन ने तोड़ी शादी

झांसी में एक शादी समारोह उस समय विवाद और हंगामे में बदल गया, जब जयमाला के बाद दोनों पक्षों के बीच तनाव बढ़ गया. देखते ही देखते मामला इतना बिगड़ गया कि शादी की रस्में अधूरी रह गईं. घटना का वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा में है और पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है.

Advertisement
जयमाला के बाद हुआ बवाल, 5 लाख की डिमांड और मारपीट (Photo: itg) जयमाला के बाद हुआ बवाल, 5 लाख की डिमांड और मारपीट (Photo: itg)

अजय झा

  • झांसी,
  • 27 मई 2026,
  • अपडेटेड 2:04 PM IST

उत्तर प्रदेश के झांसी के प्रेमनगर थाना क्षेत्र स्थित मधुबन गार्डन में रविवार रात एक शादी समारोह उस वक्त रणभूमि में बदल गया, जब जयमाला के तुरंत बाद कथित तौर पर दहेज और पैसों की अतिरिक्त मांग को लेकर दूल्हा और दुल्हन पक्ष आमने-सामने आ गए. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई, कुर्सियां चलीं और शादी में आए मेहमानों के बीच भगदड़ जैसी स्थिति बन गई. इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो गार्डन में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वहीं घटना के बाद दुल्हन ने दूल्हे के साथ जाने से साफ इनकार कर दिया और शादी अधूरी रह गई.

Advertisement

जयमाला के बाद बिगड़ा माहौल

जानकारी के मुताबिक, बारात झांसी के कोतवाली थाना क्षेत्र से प्रेमनगर स्थित मधुबन गार्डन पहुंची थी. शुरुआत में शादी की रस्में सामान्य तरीके से चल रही थीं. बारात का स्वागत किया गया, मेहमानों के लिए खाने-पीने की व्यवस्था की गई और जयमाला कार्यक्रम भी संपन्न हो गया. लेकिन आरोप है कि जयमाला के तुरंत बाद दूल्हा पक्ष के कुछ लोगों ने अतिरिक्त पैसों की मांग शुरू कर दी. लड़की पक्ष द्वारा विरोध करने पर माहौल तनावपूर्ण हो गया.

लड़की के पिता, भाइयों से मारपीट

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पहले कहासुनी हुई और फिर मामला हाथापाई तक पहुंच गया. आरोप है कि दूल्हा पक्ष के लोगों ने लड़की के पिता, भाइयों और रिश्तेदारों के साथ मारपीट की. गार्डन में कुर्सियां तक चलने लगीं और शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई. वहां मौजूद लोगों ने किसी तरह दोनों पक्षों को अलग किया.

Advertisement

जयमाल के बाद 5-7 लाख की मांग

दुल्हन के जीजा जितेंद्र अहिरवार ने आरोप लगाया कि बारात रात करीब 11 बजे पहुंची थी और पूरे सम्मान के साथ स्वागत किया गया था. उन्होंने कहा कि शादी समारोह के दौरान कुछ लोग गार्डन की छत पर जुआ खेल रहे थे, जिन्हें रोकने पर विवाद शुरू हुआ. आरोप है कि इसके बाद दूल्हा पक्ष के लोग आक्रामक हो गए और परिवार के सदस्यों को धमकाने लगे. जितेंद्र अहिरवार के मुताबिक, किसी तरह जयमाला कराई गई, लेकिन उसके बाद 5 से 7 लाख रुपये की मांग की गई. जब लड़की पक्ष ने असमर्थता जताई तो मारपीट शुरू हो गई. उन्होंने आरोप लगाया कि दुल्हन के भाइयों और रिश्तेदारों को स्टेज के पीछे ले जाकर पीटा गया. कई लोगों को जमीन पर गिराकर मारा गया और महिलाएं हाथ जोड़कर विवाद शांत कराने की कोशिश करती रहीं.

न फेरे हुए,न विदाई, लौटी बरात

घटना के बाद शादी की बाकी रस्में पूरी नहीं हो सकीं. न सात फेरे हुए और न ही दुल्हन की विदाई हुई. आरोप है कि देर रात दूल्हा पक्ष अपना सामान समेटकर बिना दुल्हन को साथ लिए वहां से चला गया. परिवार का कहना है कि घटना से दुल्हन बेहद सहमी हुई है. उसका कहना है कि जिस परिवार ने शादी के दिन ही उसके पिता और भाइयों के साथ मारपीट की, वहां वह खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर सकती.

Advertisement

50 से 100 लोगों ने थाने जाने से रोका

पीड़ित परिवार ने प्रेमनगर थाने में प्रार्थना पत्र के माध्यम से आरोप लगाया कि घटना के बाद जब वे शिकायत करने प्रेमनगर थाने जा रहे थे, तब रास्ते में 50 से 100 लोगों ने उन्हें रोकने की कोशिश की. परिवार के लोग गलियों के रास्ते किसी तरह थाने पहुंचे, लेकिन वहां भी तत्काल सुनवाई नहीं हुई.

दुल्हन भावना द्वारा दी गई तहरीर में आरोप लगाया गया है कि शादी में उनके परिवार के लोगों के साथ मारपीट की गई. उनके भाइयों, जीजा, बहन, भाभी और पिता तक को पीटा गया. तहरीर में यह भी कहा गया कि शादी में कार, चार लाख रुपये नकद, कपड़े और अन्य सामान दिया गया था, इसके बावजूद दूल्हा पक्ष लगातार दबाव बना रहा था. लड़की पक्ष ने शादी में करीब 10 लाख रुपये खर्च होने का दावा करते हुए कार्रवाई और नुकसान की भरपाई की मांग की है.

सीसीटीवी वीडियो बना अहम सबूत 

घटना का सीसीटीवी वीडियो अब पूरे शहर में चर्चा का विषय बना हुआ है. वीडियो में शादी समारोह के दौरान अचानक हुए हंगामे और मारपीट की तस्वीरें दिखाई दे रही हैं. पुलिस ने कहा है कि मामले की जांच की जा रही है और तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. यह घटना एक बार फिर दहेज प्रथा और शादी समारोहों में बढ़ती दबंगई पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है, जहां रिश्तों से ज्यादा पैसों को महत्व दिया जा रहा है. फिलहाल पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए, आरोपी पक्ष के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »