'वो संत हैं, देवता हैं', चंपत राय के समर्थन में BJP विधायक नंद किशोर गुर्जर

भाजपा विधायक नंद किशोर गुर्जर ने राम मंदिर चढ़ावा मामले में ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय का समर्थन करते हुए उन्हें "संत" और "देवता" बताया. उन्होंने कहा कि चंपत राय से इस्तीफा मांगना हिंदू समाज के साथ अन्याय होगा. गुर्जर ने आरोप लगाया कि मुख्य आरोपी टिन्नू यादव समाजवादी पार्टी का एजेंट था. उन्होंने सपा और कांग्रेस पर राम मंदिर को बदनाम करने का आरोप लगाया और कहा कि दोषियों पर कार्रवाई होगी, लेकिन चंपत राय को आरोपों से विचलित नहीं होना चाहिए.

Advertisement
नंद किशोर गुर्जर ने चंपत राय का समर्थन किया. Photo ITG नंद किशोर गुर्जर ने चंपत राय का समर्थन किया. Photo ITG

मयंक गौड़

  • अयोध्या/गाजियाबाद,
  • 06 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 7:44 PM IST

अयोध्या राम मंदिर के चढ़ावे में कथित गड़बड़ी और ट्रस्ट से जुड़े विवादों के बीच भाजपा विधायक नंद किशोर गुर्जर ने श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय का खुलकर समर्थन किया है. लोनी से विधायक नंद किशोर गुर्जर ने चंपत राय को "संत" और "देवता" बताते हुए कहा कि उन्होंने अपना पूरा जीवन भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर के निर्माण के लिए समर्पित किया है और ऐसे व्यक्ति से इस्तीफा मांगना हिंदू समाज के साथ अन्याय होगा.

Advertisement

टिन्नू यादव को बताया साजिशकर्ता
भाजपा विधायक ने कहा कि चंपत राय जैसा संत समाज को बहुत मुश्किल से मिलता है. उन्होंने कहा कि यदि मंदिर में चढ़ावे की चोरी हुई है तो दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए, लेकिन इस आधार पर चंपत राय को कटघरे में खड़ा करना उचित नहीं है. उनका आरोप था कि इस मामले का मुख्य आरोपी टिन्नू यादव समाजवादी पार्टी का एजेंट था और उसी ने पूरी घटना को अंजाम दिया. हालांकि इस दावे के समर्थन में उन्होंने कोई सार्वजनिक साक्ष्य पेश नहीं किया.

समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर निशाना
नंद किशोर गुर्जर ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर भी तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि जिन लोगों की सरकार में कारसेवकों पर गोलियां चली थीं और संत-महात्माओं का अपमान हुआ था, वही लोग आज राम मंदिर और उसकी व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि जो लोग पहले भगवान श्रीराम के अस्तित्व पर सवाल उठाते थे, वे अब मंदिर को बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं.

Advertisement

उन्होंने कहा कि राम मंदिर का निर्माण विश्व हिंदू परिषद, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और करोड़ों सनातनियों के वर्षों के संघर्ष, त्याग और तपस्या का परिणाम है. ऐसे में इस मुद्दे पर राजनीति करना उचित नहीं है.

विधायक ने भरोसा जताया कि यदि मंदिर से जुड़े धन के दुरुपयोग या चोरी का कोई मामला सामने आया है तो उसकी एक-एक पाई का हिसाब लिया जाएगा. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ किसी भी दोषी को बख्शने वाले नहीं हैं और कानून के अनुसार कार्रवाई होगी.

चंपत राय से इस्तीफा न देने की अपील
चंपत राय के इस्तीफे की चर्चाओं पर प्रतिक्रिया देते हुए नंद किशोर गुर्जर ने कहा कि यदि वह इस्तीफा देते हैं तो यह हिंदू समाज के साथ अन्याय होगा. उन्होंने हाथ जोड़कर चंपत राय से अपने पद पर बने रहने की अपील की और कहा कि भगवान श्रीराम और भगवान श्रीकृष्ण पर भी आरोप लगाए गए थे, लेकिन इससे उनके योगदान और महानता पर कोई असर नहीं पड़ा. उन्होंने दावा किया कि पूरा सनातन समाज चंपत राय के साथ खड़ा है और उन्हें आरोपों से विचलित नहीं होना चाहिए.

गौरतलब है कि राम मंदिर के चढ़ावे में कथित गड़बड़ी के मामले की जांच जारी है. इस बीच इस मुद्दे को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है और विभिन्न दलों के नेता अपने-अपने पक्ष रख रहे हैं.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »