हरदोई जिले के पिहानी थाना क्षेत्र में वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस और बाइक सवार बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई. पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी और उन्हें घायल हालत में गिरफ्तार कर लिया गया. पकड़े गए आरोपियों के पास से चोरी के जेवर, नकदी, अवैध तमंचे और बिना नंबर की बाइक बरामद हुई है. पुलिस का दावा है कि दोनों ने कुछ दिन पहले गांव में हुई सिलसिलेवार चोरी की वारदातों को अंजाम दिया था.
पूरा मामला पिहानी थाना क्षेत्र के गौखरिया गांव का है. 8 और 9 मई की रात गांव के लोगों के लिए खौफ भरी रात साबित हुई. बदमाशों ने एक के बाद एक तीन घरों में चोरी की वारदात को अंजाम दिया. सबसे पहले चोरों ने दीपक सिंह के घर को निशाना बनाया. यहां से सोने-चांदी के जेवर और करीब 20 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए गए. इसके बाद बदमाश सतीश सिंह के बंद पड़े मकान में घुस गए. मकान का ताला तोड़कर अलमारी और बक्सों में रखा सामान समेट लिया गया. लेकिन चोरों का आतंक यहीं नहीं रुका. गांव के ही धर्मपाल सिंह के घर में पीछे की दीवार तोड़कर बदमाश अंदर घुसे और करीब 97 हजार रुपये नकद के साथ जेवरात लेकर फरार हो गए. सुबह जब गांव वालों को चोरी की जानकारी हुई तो पूरे इलाके में हड़कंप मच गया. एक ही रात में तीन घरों में चोरी से ग्रामीणों में डर और गुस्सा दोनों था. पीड़ित परिवारों ने पुलिस से जल्द कार्रवाई की मांग की.
सर्विलांस और स्वाट टीम को लगाया गया
लगातार हुई चोरियों के बाद पिहानी पुलिस हरकत में आई. मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई. पुलिस ने सर्विलांस टीम और स्वाट टीम को भी लगाया. गांव और आसपास के इलाकों में संदिग्ध लोगों की गतिविधियों पर नजर रखी जाने लगी. पुलिस को शक था कि चोरी की वारदात किसी पेशेवर गैंग ने की है. इसी बीच मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी की घटना में शामिल दो बदमाश बाइक से इलाके में आने वाले हैं. 10 और 11 मई की रात पिहानी पुलिस रसूलपुर तिराहे पर चेकिंग अभियान चला रही थी. पुलिस टीम हर आने-जाने वाले वाहनों की जांच कर रही थी. तभी बिना नंबर की बाइक पर दो युवक आते दिखाई दिए. पुलिस ने उन्हें रोकने का इशारा किया, लेकिन खुद को घिरता देख दोनों बदमाश घबरा गए. आरोप है कि उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी और भागने की कोशिश की. अचानक हुई फायरिंग से कुछ देर के लिए इलाके में अफरा-तफरी मच गई. पुलिस ने भी आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की. जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी और वे बाइक समेत सड़क पर गिर पड़े. घायल अवस्था में दोनों को हिरासत में लिया गया और अस्पताल भेजा गया.
कौन हैं पकड़े गए बदमाश
पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों की पहचान शाहजहांपुर जिले के मिर्जापुर थाना क्षेत्र निवासी बुधपाल और पिहानी के कोटकला निवासी आसिफ के रूप में की है. पूछताछ में दोनों ने गौखरिया गांव में चोरी की वारदात को कबूल कर लिया. पुलिस के मुताबिक इनके पास से चोरी किए गए जेवर, पर्स, नकदी और घटना में इस्तेमाल बाइक बरामद की गई है. इसके अलावा दोनों के कब्जे से दो अवैध तमंचे, तीन खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस भी मिले हैं.
पहले भी जेल जा चुका है बुधपाल
पुलिस के अनुसार बुधपाल कोई छोटा-मोटा अपराधी नहीं, बल्कि बेहद शातिर बदमाश है. उसके खिलाफ चोरी और गैंगस्टर एक्ट समेत करीब 16 मुकदमे दर्ज हैं. दिलचस्प बात यह है कि इसी साल 25 जनवरी को भी बुधपाल पुलिस मुठभेड़ में घायल हो चुका है. उस समय सवायजपुर पुलिस ने पशु चोरी के मामले में वाहन चेकिंग के दौरान उसे गोली मारकर गिरफ्तार किया था. जेल जाने के बाद करीब एक महीने पहले ही वह बाहर आया था. जेल से निकलते ही उसने फिर अपराध की दुनिया में कदम रख दिया.
दिल्ली में सिलाई करता था आसिफ
वहीं दूसरा आरोपी आसिफ दिल्ली में रहकर सिलाई का काम करता था. लेकिन पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार वह भी अपराध की दुनिया से अछूता नहीं रहा. लोनी में अपने ही दोस्त की हत्या के मामले में वह पहले जेल जा चुका है. पुलिस का कहना है कि करीब दस दिन पहले ही वह पिहानी लौटा था. यहीं उसकी मुलाकात बुधपाल से हुई और दोनों ने मिलकर चोरी की वारदात की योजना बनाई. सीओ हरियावां अजीत चौहान ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम रसूलपुर तिराहे पर चेकिंग कर रही थी. इसी दौरान बिना नंबर की बाइक पर आए दो संदिग्ध युवकों को रोकने का प्रयास किया गया. उन्होंने बताया कि पुलिस को देखकर दोनों ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग की, जिसके बाद आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई करनी पड़ी. गोली लगने से दोनों घायल हो गए. सीओ ने कहा कि शुरुआती पूछताछ में दोनों ने गांव गोहकरिका में हुई चोरी की वारदात को स्वीकार किया है. उनसे बरामद सामान की पहचान कराई जा रही है और आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है.
गांव में राहत, लेकिन डर अब भी कायम
दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद गांव के लोगों ने राहत की सांस जरूर ली है, लेकिन लगातार हो रही चोरियों ने ग्रामीणों को डरा दिया है. कई लोगों ने रात में गांव में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है. गांव वालों का कहना है कि पिछले कुछ समय से इलाके में चोरी की घटनाएं तेजी से बढ़ी हैं. लोग रातभर जागकर पहरा देने को मजबूर हैं. फिलहाल पुलिस इसे बड़ी सफलता मान रही है. वहीं पूरे मामले के बाद हरदोई में एक बार फिर पुलिस एनकाउंटर चर्चा का विषय बना हुआ है.
प्रशांत पाठक