ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने ग्रेनो वेस्ट के शाहबेरी में उत्तर प्रदेश का पहला डबल डेकर फ्लाईओवर बनाने का निर्णय लिया है. ये फैसला चार लेन के फ्लाईओवर के लिए जरूरी 15 मीटर की चौड़ाई न मिलने के बाद लिया गया है.
प्राधिकरण ग्रेनो वेस्ट को 130 मीटर रोड से शाहबेरी व क्रॉसिंग रिपब्लिक होते हुए दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे से जोड़ने के लिए इस 1400 मीटर लंबे प्रोजेक्ट का निर्माण कराएगा. परियोजना विभाग ने एनएचएआई (NHAI) को इसका प्रजेंटेशन दे दिया है. करीब 900 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से बनने वाले इस डबल डेकर फ्लाईओवर के दोनों तलों पर वन-वे ट्रैफिक रहेगा, जिससे ग्रेटर नोएडा से गाजियाबाद और दिल्ली जाना बेहद आसान हो जाएगा और लोगों को तिगरी चौक के भारी जाम से हमेशा के लिए मुक्ति मिल जाएगी.
डिजाइन पर बनी सहमति
प्राधिकरण के एक अधिकारी ने बताया कि NHAI के साथ पिछले दिनों जगह की अड़चन पर बातचीत हुई थी. इसके बाद कंसल्टेंट की मदद से दूसरे विकल्पों पर विचार शुरू हुआ और अंततः डबल डेकर फ्लाईओवर के डिजाइन पर सहमति बनी. ग्रेनो प्राधिकरण के परियोजना विभाग ने इसका प्रजेंटेशन एनएचएआई को दे दिया है. NHAI ने अब इसके लिए विस्तृत रिपोर्ट मांगी है, जिसके बाद निर्माण पर अंतिम फैसला लिया जाएगा. नेशनल हाइवे से जुड़ाव को देखते हुए पूर्व में ही इस फ्लाईओवर का निर्माण एनएचएआई से ही कराने पर सहमति बनी थी, जिस पर पहले 400 करोड़ का खर्च प्रस्तावित था.
12 मीटर में मिलेंगी 6 लेन
प्रोजेक्ट के GM, एके सिंह ने बताया कि 4 लेन के साधारण फ्लाईओवर के लिए करीब 15 मीटर की खुली जगह चाहिए होती है, जबकि यहां अधिकतम चौड़ाई 14 मीटर ही मिल पा रही थी. इसके उलट प्रस्तावित डबल डेकर फ्लाईओवर में तीन-तीन लेन दोनों तल पर बनाई जाएंगी. इस नए बेहतरीन डिजाइन की मदद से महज 12 मीटर के अंदर ही 6 लेन ट्रैफिक के लिए आसानी से मिल जाएंगी. इससे भविष्य में वाहनों की संख्या बढ़ने के साथ ही दीर्घकालिक जरूरतों को भी आसानी से पूरा किया जा सकेगा.
दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे और गाजियाबाद का जुड़ेगा संपर्क
इसके अलावा इस डबल डेकर फ्लाईओवर के निर्माण में मुख्य रूप से यू-शेप पीयर (U-Shape Pier) तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा. इससे मौजूदा सड़क का उपयोग लोकल मार्केट, सोसाइटी और गांव के लोग पहले की तरह ही सर्विस लेन के तौर पर करते रहेंगे. इस फ्लाईओवर के बन जाने से लोग 130 मीटर रोड से सीधे दिल्ली-मेरठ हाइवे पर पहुंच जाएंगे, जहां से गाजियाबाद जाना बहुत सुगम होगा. वर्तमान में लोगों को केवल तिगरी चौक होते हुए ही गाजियाबाद जाना पड़ता है, जहां हाल के दिनों में ट्रैफिक बहुत तेजी से बढ़ा है.
अरुण त्यागी