गाजियाबाद पुलिस चौकी ब्लास्ट के पीछे साजिश या महज हादसा? हर एंगल से जांच कर रहीं टीमें

गाजियाबाद की वसुंधरा पुलिस चौकी में हुए धमाके ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. शुरुआती जांच में ये साफ नहीं हो पाया है कि धमाका किस तरह का था और इसमें किस विस्फोटक का इस्तेमाल हुआ. पुलिस, फोरेंसिक टीम और खुफिया एजेंसियां मामले की गहराई से जांच कर रही हैं.

Advertisement
यूपी एटीएस भी धमाके की जांच में जुटी है. (Photo- ITGD) यूपी एटीएस भी धमाके की जांच में जुटी है. (Photo- ITGD)

हिमांशु मिश्रा / अरविंद ओझा

  • गाजियाबाद,
  • 07 नवंबर 2026,
  • अपडेटेड 10:15 AM IST

गाजियाबाद की वसुंधरा पुलिस चौकी के अंदर हुए धमाके ने सुरक्षा एजेंसियों और स्थानीय पुलिस की नींद उड़ा दी है. शुरुआती जांच में पता चला है कि ये धमाका AC कंप्रेसर फटने या साधारण पटाखे की वजह से नहीं हुआ. ऐसे में इस ब्लास्ट ने हर किसी को ये सोचने पर मजबूर कर दिया है कि आखिर ये धमाका कैसे हुआ.

Advertisement

दरअसल ये इलाका बेहद व्यस्त और संवेदनशील माना जाता है. वसुंधरा पुलिस चौकी के दोनों तरफ सड़क है जो इंदिरापुरम और गाजियाबाद को आपस में जोड़ती है. इसके ठीक ऊपर दिल्ली से राजनगर की ओर जाने वाला एलिवेटेड रोड भी गुजरता है.

ऐसे में लगातार आवाजाही वाले इस क्षेत्र में पुलिस चौकी के भीतर इस तरह की घटना होना सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवालिया निशान लगाता है. अब पुलिस और खुफिया एजेंसियां इस बात की बारीकी से जांच कर रही हैं कि ये कोई महज हादसा था या इसके पीछे कोई साजिश थी.

सीसीटीवी कैमरों की कमी और सबूतों की तलाश

इस मामले में पुलिस के लिए सबसे बड़ी चुनौती ये है कि घटनास्थल के आसपास कोई भी सीसीटीवी कैमरा मौजूद नहीं है. इसके अलावा, पुलिस चौकी के मुख्य गेट पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कुछ कैद हुआ है या नहीं, ये भी अभी तक साफ नहीं हो पाया है. 

घटना की सूचना मिलते ही बम निरोधक दस्ता (BDS) और फोरेंसिक टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गई थीं. हालांकि, शुरुआती जांच में बीडीएस टीम भी ये स्पष्ट नहीं कर पाई कि धमाका किस तरह का था और इसमें किस विस्फोटक या सामग्री का इस्तेमाल किया गया था. घटनास्थल से जुटाए गए सभी सबूतों को आगे की जांच के लिए आगरा भेज दिया गया है. अब सभी की निगाहें फोरेंसिक रिपोर्ट पर टिकी हैं, जिसके आने के बाद ही धमाके के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा.

Advertisement

घायल हुआ डिलीवरी बॉय, चौकी को पहुंचा नुकसान

शुक्रवार रात हुए इस हादसे के वक्त चौकी के अंदर एक सब-इंस्पेक्टर और एक डिलीवरी ब्वॉय मौजूद था, जो वहां कोई सामान देने आया था. धमाका इतना तेज था कि चौकी के दो कांच के शीशे टूट गए और एक दीवार में हल्की दरार भी आ गई. कांच के टूटने से गिरे टुकड़ों की चपेट में आने से वो डिलीवरी बॉय घायल हो गया.

फिलहाल गाजियाबाद पुलिस, फोरेंसिक एक्सपर्ट्स और इंटेलिजेंस विंग के अधिकारी हर संभावित एंगल से मामले की गहराई से छानबीन कर रहे हैं. UP ATS की एक टीम भी जांच के लिए मौके पर पहुंच रही है.

यह भी पढ़ें: गाजियाबाद: वसुंधरा पुलिस चौकी के अंदर जोरदार ब्लास्ट... शीशे टूटे, दीवार में भी दरार

हाल फिलहाल में पुलिस और सुरक्षाबलों को निशाना बनाने के कई इनपुट खुफिया एजेंसियों को मिलते रहे हैं. कुछ दिन पहले यूपी पुलिस ने ISI- शहजाद भट्टी के मॉड्यूल को पकड़ा था. यूपी के लॉ एंड ऑर्डर अमिताभ यश ने अपने बयान में बताया था कि आरोपी पुलिस और सुरक्षाबलों को निशाना बनाने वाले थे. ऐसे में हर एंगल इस ब्लास्ट की जांच की जा रही है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »