दिल्ली से सटे उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में हुई एक शाही शादी का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वायरल वीडियो में शादी समारोह के दौरान भारी मात्रा में नकदी और दहेज का प्रदर्शन दिखाई देने का दावा किया जा रहा है. मामला मुस्लिम समाज के इदरीशी समुदाय से जुड़ा बताया जा रहा है.
दरअसल, दिल्ली के खजूरी खास इलाके में रहने वाले युवक की शादी उसी क्षेत्र की युवती से 9 मई की रात इंदिरापुरम स्थित रॉयल एंबियंस फार्म हाउस में संपन्न हुई थी.
बताया जा रहा है कि शादी में दहेज के रूप में 1 करोड़ 11 लाख 11 हजार रुपये नकद, सोने-चांदी के आभूषण और अन्य कीमती सामान दिया गया.
इतना ही नहीं, शादी से करीब छह माह पहले हुई सगाई में भी दूल्हे पक्ष को एक THAR और 31 लाख रुपये नकद दिए जाने की चर्चा है.
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में बड़ी मात्रा में नकदी सजी हुई दिखाई दे रही है, जिसके बाद यह शादी चर्चा का विषय बन गई है. देखें VIDEO:-
सूत्रों के मुताबिक, लड़की का परिवार खजूरी खास इलाके का एक संपन्न कारोबारी परिवार बताया जा रहा है, जबकि लड़के का परिवार सामान्य आर्थिक स्थिति वाला बताया जा रहा है.
फिलहाल वायरल वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं. हालांकि नकदी और दहेज की रकम को लेकर आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. वहीं, दहेज प्रदर्शन को लेकर लोगों के बीच बहस भी तेज हो गई है.
मयंक गौड़