गाजियाबाद के खोड़ा थाना क्षेत्र के लोकप्रिय विहार में बीती देर रात पारिवारिक कलह के चलते एक शख्स ने कथित तौर पर अपनी पत्नी और 15 वर्षीय बेटी की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी. जबकि मां और बड़ी बहन को बचाने के लिए पहुंची 14 वर्षीय छोटी बेटी पर भी आरोपी ने हमला कर दिया. मामूली रूप से घायल किशोरी किसी तरह मौके से निकलकर अपनी जान बचाने में कामयाब रही. घटना की सूचना मिलते ही खोड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी राजा अंसारी को हिरासत में ले लिया. पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई शुरू कर दी है. मामूली रूप से घायल किशोरी का अस्पताल में उपचार चल रहा है और उसकी हालत खतरे से बाहर है.
पुलिस के मुताबिक बीती रात करीब 12:15 बजे खोड़ा पुलिस को सूचना मिली कि लोकप्रिय विहार की गली नंबर तीन में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी और बेटी पर हमला कर दिया है. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची. घटनास्थल पर मकान की चौथी मंजिल के कमरे में महिला और किशोरी के शव लहूलुहान हालत में मिले. कमरे में खून बिखरा हुआ था. प्रारंभिक जांच में सामने आया कि धारदार चाकू से वार कर दोनों की हत्या की गई. मृतकों की पहचान बीबी तबस्सुम और उनकी 15 वर्षीय बेटी सना तबस्सुम के रूप में हुई है. वहीं 14 वर्षीय रूबी तबस्सुम हमले में मामूली घायल हुई है.
घटना की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस के अनुसार आरोपी ने पहले पत्नी पर हमला किया. मां को बचाने के लिए दोनों बेटियां बीच में आईं तो उन पर भी धारदार हथियार से वार किए गए. हमले में बड़ी बेटी सना की मौत हो गई, जबकि छोटी बेटी रूबी घायल हो गई. घायल किशोरी किसी तरह वहां से निकलने में सफल रही, जिसके बाद पुलिस को घटना की जानकारी मिली. पुलिस के अनुसार आरोपी राजा अंसारी मूल रूप से अररिया, बिहार का रहने वाला है और परिवार के साथ लोकप्रिय विहार में रह रहा था. वह दिल्ली के गाजीपुर स्थित मछली मंडी में मुनीम का काम करता है. घटना के बाद आरोपी को पुलिस ने मौके से ही हिरासत में ले लिया. पुलिस उससे वारदात के कारण और घटनाक्रम को लेकर गहन पूछताछ कर रही है.
प्रारंभिक जांच में पुलिस को पति-पत्नी के बीच पारिवारिक विवाद की बात सामने आई है. हालांकि विवाद की वास्तविक वजह क्या थी और हत्या की वारदात किस परिस्थिति में हुई, इसका खुलासा विस्तृत पुलिस जांच और पूछताछ के बाद ही हो सकेगा. पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ आसपास के लोगों से भी जानकारी ले रही है. सहायक पुलिस आयुक्त इंदिरापुरम सूर्यबली मौर्य ने बताया कि पुलिस को रात करीब 12:15 बजे सूचना मिली थी. मौके पर पहुंचने पर बीबी तबस्सुम और उनकी बेटी सना तबस्सुम मृत मिलीं, जबकि दूसरी बेटी रूबी घायल अवस्था में मिली. घायल को तत्काल एमजी अस्पताल भेजा गया, जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है. आरोपी राजा अंसारी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है.
मयंक गौड़