Uttar Pradesh News: इटावा जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र के तोडा गांव में 12 जुलाई की रात 35 वर्षीय प्रॉपर्टी डीलर आनंद उर्फ महबूब राजपूत की गला घोंटकर हत्या कर दी गई. वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव के निर्देशन में पुलिस टीम ने तीन डॉक्टरों के पैनल से शव का पोस्टमार्टम कराया, जिसमें गला घोंटने से मौत की पुष्टि हुई. गहन जांच के बाद पुलिस ने मृतक की पत्नी आशिकी देवी और उसके पड़ोस में रहने वाले प्रेमी शिवम राजपूत को हिरासत में लिया. सख्ती से की गई पूछताछ में दोनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेज दिया.
अवैध संबंध और विरोध के बाद हत्या
मृतक के पिता सुघर सिंह ने पहले ही बहू और उसके प्रेमी पर हत्या की आशंका जताई थी. पुलिस पूछताछ में आरोपी पत्नी आशिकी देवी ने कुबूल किया कि उसका पड़ोस के रहने वाले युवक शिवम राजपूत से अवैध संबंध था.
पति आनंद इस रिश्ते का लगातार विरोध करता था, जिसके चलते घर में आए दिन विवाद और झगड़ा होता था. इसी रोज-रोज के कलह से छुटकारा पाने के लिए पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति को रास्ते से हटाने की खौफनाक साजिश रची.
दूध में नशा और फिर दबाया गला
साजिश के मुताबिक, 12 जुलाई की रविवार रात को आरोपियों ने पहले आनंद को दूध में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया. नशीला दूध पीते ही जब आनंद बेसुध होकर बेहोश हो गया, तो पत्नी और प्रेमी ने मिलकर बेरहमी से उसका गला दबा दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों ने इसे संदिग्ध मौत का रूप देने की कोशिश की, लेकिन तीन डॉक्टरों के पैनल की पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने सच उजागर कर दिया.
माल बरामद और कानूनी कार्रवाई
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल की गई एक मोटरसाइकिल, मृतक आनंद की सोने की अंगूठी और दो मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं. वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मामले में आरोपियों ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है और दोनों को जेल भेजा जा रहा है. पुलिस इस पूरे हत्याकांड में आगे की जरूरी विधिक कानूनी कार्रवाई को पूरा करने में जुटी हुई है.
अमित तिवारी