प्यार की कहानियों में उम्र का फासला अक्सर चर्चा का विषय बन जाता है. कोई इसे दिल का रिश्ता कहता है तो कोई सवाल उठाता है. उत्तर प्रदेश के औरैया से सामने आई एक ऐसी ही कहानी की इन दिनों सोशल मीडिया पर खूब चर्चा हो रही है. यहां करीब 30 साल की ब्लॉगर रीना और 75 साल के राम सगर ने शादी करने का फैसला किया है. दोनों की सगाई भी हो चुकी है. सगाई की तस्वीरें और वीडियो सामने आने के बाद यह जोड़ी चर्चा में आ गई, लेकिन कहानी में एक दिलचस्प मोड़ भी है. शादी कब होगी, इस सवाल पर दूल्हा और दुल्हन के जवाब एक जैसे नहीं हैं.
रीना का कहना है कि उन्हें उम्र के अंतर से कोई परेशानी नहीं है और वह इस रिश्ते से खुश हैं. वहीं, राम सगर भी शादी करने के अपने फैसले पर कायम नजर आते हैं. हालांकि, शादी की तारीख पूछने पर दोनों की बातें सुनकर यह साफ हो जाता है कि अभी विवाह की तारीख तय होने की जानकारी स्पष्ट नहीं है. ऐसे में सवाल यही है कि जब सगाई हो चुकी है, हल्दी लग गई तो शादी की तारीख का इंतजार आखिर कब तक रहेगा?
सगाई के बाद सोशल मीडिया पर छाई जोड़ी
औरैया की इस कहानी में लोगों की दिलचस्पी उस समय बढ़ी, जब रीना और राम सगर की सगाई की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आए. दोनों की उम्र में करीब 45 साल का अंतर बताया जा रहा है. यही वजह है कि उनकी सगाई की खबर लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गई. सोशल मीडिया पर किसी ने इसे अनोखी प्रेम कहानी के तौर पर देखा तो किसी ने दोनों की उम्र के अंतर को लेकर सवाल उठाए. हालांकि, इस पूरे मामले में रीना का रुख स्पष्ट है. उनका कहना है कि वह अपनी मर्जी से इस रिश्ते में आगे बढ़ रही हैं और उन्हें राम सगर की उम्र से कोई आपत्ति नहीं है.
सगाई की रस्म हुए करीब एक सप्ताह पहले होने की बात सामने आई है. इसके बाद से ही दोनों की शादी को लेकर सवाल पूछे जा रहे हैं. लोग जानना चाहते हैं कि आखिर वह दिन कब आएगा, जब यह जोड़ी शादी के बंधन में बंधेगी. रीना के मुताबिक, राम सगर से उनकी मुलाकात करीब एक साल पहले हुई थी. इसके बाद दोनों के बीच बातचीत और नजदीकियां बढ़ीं. समय के साथ दोनों ने अपने रिश्ते को आगे बढ़ाने का फैसला किया. रीना सोशल मीडिया पर वीडियो बनाती हैं. इसी दौरान राम सगर से उनका परिचय हुआ था. हालांकि, दोनों की पहली मुलाकात कहां और किन परिस्थितियों में हुई, इसकी पूरी जानकारी सामने नहीं आई है. लेकिन रीना ने बातचीत में इतना जरूर बताया कि उनके रिश्ते को करीब एक साल हो चुका है. करीब 45 साल का उम्र का अंतर होने के बावजूद रीना इस रिश्ते को लेकर सहज दिखाई देती हैं. उनसे जब पूछा गया कि इतनी उम्र के अंतर के कारण उन्हें कोई परेशानी तो नहीं है, तो उन्होंने साफ कहा कि उन्हें इससे कोई फर्क नहीं पड़ता. उनका कहना है कि वह खुश हैं और दोनों शादी करना चाहते हैं.
शादी की तारीख पूछी तो रीना ने क्या बताया?
सगाई के बाद जब रीना से पूछा गया कि उनकी शादी कब होगी, तो उन्होंने बताया कि अभी तारीख तय नहीं हुई है. उनके मुताबिक, नवरात्र के बाद शादी की तारीख तय की जाएगी. यानी सगाई हो चुकी है, दोनों शादी के लिए तैयार हैं, लेकिन विवाह की तारीख का इंतजार अभी बाकी है. रीना से जब इस बारे में दोबारा पूछा गया तो उन्होंने भी यही संकेत दिया कि शादी होगी, लेकिन फिलहाल कोई निश्चित तारीख नहीं बताई जा सकती.
अब जरा 75 साल के राम सगर की सुनिए
दूसरी ओर, जब राम सगर से उनकी शादी के बारे में सवाल किया गया तो उन्होंने भी शादी करने की बात कही. उनसे पूछा गया कि 75 साल की उम्र में वह शादी करने जा रहे हैं और उनकी होने वाली पत्नी उनसे काफी छोटी हैं, तो क्या उन्हें इस रिश्ते को लेकर कोई परेशानी है? राम सगर ने बताया कि रीना की उम्र करीब 30 साल है. दोनों की उम्र में काफी अंतर है, लेकिन उनके मुताबिक, रीना इस शादी के लिए तैयार हैं. उन्होंने कहा कि अगर लड़की तैयार नहीं होती तो वह शादी नहीं करते. राम सगर से जब सगाई की रस्म के बारे में पूछा गया तो उन्होंने बताया कि इसे हुए करीब एक सप्ताह हो गया है. इसके बाद जब उनसे शादी की तारीख पूछी गई तो उनका जवाब रीना से कुछ अलग था. राम सगर ने शादी के लिए दो से तीन महीने का समय लगने की बात कही. हालांकि, वह कोई निश्चित तारीख नहीं बता सके. बातचीत के दौरान शादी की तारीख को लेकर उनके जवाब से यही संकेत मिला कि विवाह की तारीख अभी स्पष्ट रूप से तय नहीं हुई है. यही वह बात है, जिसने इस कहानी को और चर्चा में ला दिया है. एक तरफ सगाई की रस्म पूरी हो चुकी है, दूसरी तरफ शादी की तारीख पूछने पर दोनों के जवाब अलग-अलग हैं.
सूर्य प्रकाश शर्मा