उत्तर प्रदेश के चंदौली में तैनात एसडीएम पति-पत्नी के बीच आपसी विवाद का मामला चर्चा का विषय बना हुआ है. चंदौली सदर की एसडीएम दिव्या ओझा के पिता निशाकांत ओझा ने अपने दामाद और चंदौली के पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर तहसील के एसडीएम अनुपम मिश्रा पर दहेज उत्पीड़न और शारीरिक-मानसिक प्रताड़ना देने के साथ-साथ कई अन्य आरोप लगाते हुए पिछले 17 मार्च 2026 को प्रतापगढ़ में एफआईआर दर्ज कराई है.
दरअसल, चंदौली के पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर तहसील के एसडीएम अनुपम मिश्रा की शादी चंदौली सदर में तैनात एसडीएम दिव्या ओझा के साथ 2020 में हुई थी. 2017 बैच की पीसीएस अधिकारी दिव्या ओझा मूल रूप से प्रतापगढ़ की रहने वाली हैं जबकि 2019 बैच के अधिकारी अनुपम मिश्रा नैनी प्रयागराज के रहने वाले हैं.
बताया जाता है कि शादी के कुछ समय बाद से ही दोनों लोगों के बीच वैचारिक मतभेद सामने आने लगे. इसी दौरान दोनों लोगों की पोस्टिंग चंदौली जनपद में हो गई. वर्तमान समय में अनुपम मिश्रा चंदौली के पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर के एसडीएम हैं. जबकि उनकी पत्नी दिव्या ओझा चंदौली सदर तहसील की एसडीएम हैं. सूत्रों की माने तो पति-पत्नी के बीच चल रहे इस विवाद को सुलझाने का भी काफी प्रयास किया गया. लेकिन बीतते वक्त के साथ दोनों के बीच दूरियां बढ़ती गई. हालात यहां तक आ गए कि इस पूरे मामले पर मुकदमे बाजी भी शुरू हो गई. यह भी जानकारी मिली है कि एसडीएम अनुपम मिश्रा ने चार महीना पहले कोर्ट में डाइवोर्स भी फाइल किया है.
उधर, एसडीएम दिव्या ओझा के पिता निशाकांत ओझा ने विगत 17 मार्च 2026 को प्रतापगढ़ के महिला थाना में अपने एसडीएम दामाद, उनके पिता मां और दो बहनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है जिसमें गंभीर आरोप लगाए हैं. एफआईआर के मुताबिक, दिव्या ओझा के पिता निशाकांत ओझा ने आरोप लगाया है कि उनका दामाद शारीरिक रूप से अक्षम है और यह शादी झूठ बोलकर की गई. साथ ही दहेज में 20 करोड़ रुपए की डिमांड की भी गई थी.
यही नहीं निशाकांत ओझा ने अपने एसडीएम दामाद पर अपनी बेटी को मारने पीटने, शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने, जानलेवा हमला करने और अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने का भी आरोप लगाया है. फिलहाल इस मामले पर दोनों ही एसडीएम का कोई भी बयान सामने नहीं आया है मगर यह पूरा मामला चर्चा का विषय बना हुआ है.
उदय गुप्ता