यूपी के उन्नाव में हाइवे किनारे एक संदिग्ध बक्सा मिला. राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी. जब उस बक्से को खोला गया तो सबके होश उड़ गए. क्योंकि, उस बक्से में एक युवक की लाश थी. फिलहाल, पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवा दिया है. शिनाख्त के लिए जांच-पड़ताल की जा रही है.
आपको बता दें कि बीती रात सदर कोतवाली क्षेत्र के अचलगंज से उन्नाव जाने वाले एनएच 31 हाइवे पर हेल्थ मेडिकल सेंटर के सामने एक संदिग्ध बक्सा पड़ा मिला. पुलिस ने बक्से को खोलकर देखा तो उसके अंदर करीब 25 वर्षीय एक अज्ञात युवक का मृत शरीर मिला. शरीर पर चोट के निशान थे. यह पूरी घटना ललऊ खेड़ा पुलिस चौकी से सिर्फ 300 मीटर की दूरी पर हुई. अब मामले के खुलासे के लिए एसओजी टीम को भी लगाया गया है.
पुलिस के मुताबिक, मंगलवार रात करीब 10 बजे हाइवे के किनारे एक संदिग्ध बक्सा रखे होने की सूचना मिली थी. इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने जब बक्से की जांच की, तो उसमें युवक के शव के साथ कुछ कपड़े और कंबल भी बरामद हुए. शव पर चोट के निशान पाए जाने के बाद पुलिस ने मामले को बेहद गंभीरता से लिया है. मृतक की पहचान कराने के लिए फिलहाल शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया गया है ताकि आसपास के थानों और जिलों से गुमशुदा लोगों की जानकारी जुटाई जा सके.
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है पुलिस और एसओजी
अपर पुलिस अधीक्षक आयुष श्रीवास्तव और सीओ सदर विनी सिंह ने तुरंत घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को लगातार खंगाल रही है, ताकि यह साफ हो सके कि यह संदिग्ध बक्सा वहां कब, कैसे और किसके द्वारा पहुंचाया गया था. सीओ सदर विनी सिंह ने मीडिया को जानकारी दी है कि पुलिस सभी पहलुओं पर बारीकी से जांच कर रही है और घटना से जुड़े साक्ष्य जुटाने के लिए विशेष टीमें काम कर रही हैं.
सूरज सिंह