3 बच्चों की मां, आधी उम्र का प्रेमी और दिल्ली में रहने वाला पति ... चर्चा में चंदौली की यह प्रेम कहानी

चंदौली में तीन बच्चों की मां अपने से आधी उम्र के प्रेमी के साथ चार महीने पहले घर छोड़कर चली गई थी. रेलवे स्टेशन पर मिलने के बाद पति ने उसे घर लौटने के लिए मनाया, लेकिन वह नहीं मानी. इसके बाद पति ने सकलडीहा तहसील में अपनी मौजूदगी में पत्नी और उसके प्रेमी की शादी करा दी.

Advertisement
पति ने पत्नी की शादी उसके प्रेमी के साथ करा दी (Photo: ITG) पति ने पत्नी की शादी उसके प्रेमी के साथ करा दी (Photo: ITG)

उदय गुप्ता

  • चंदौली ,
  • 30 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 4:19 PM IST

Chandauli News: यूपी के चंदौली जिले से रिश्तों को लेकर एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने हर किसी को सोचने पर मजबूर कर दिया है. तीन बच्चों की मां अपने से आधी उम्र के युवक के साथ घर छोड़कर चली गई. चार महीने तक पति उसे तलाशता रहा. जब रेलवे स्टेशन पर दोनों मिल गए तो पति ने पत्नी से बच्चों का हवाला देकर घर लौटने की अपील की, लेकिन वह नहीं मानी. इसके बाद पति ने जो फैसला लिया, उसकी पूरे इलाके में चर्चा हो रही है.

Advertisement

पूर्वी उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले के सकलडीहा क्षेत्र में सामने आया यह मामला किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं है. यहां एक पति ने अपनी पत्नी को वापस लाने की हरसंभव कोशिश की, लेकिन जब पत्नी अपने प्रेमी के साथ रहने की जिद पर अड़ी रही तो उसने अपनी मौजूदगी में दोनों की शादी ही करा दी. अब यह अनोखा मामला पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है.

दिल्ली में करता था काम, गांव में रहती थी पत्नी

जानकारी के मुताबिक, सकलडीहा तहसील क्षेत्र के डैना गांव निवासी जीवनाथ राजभर दिल्ली में वेल्डिंग का काम करते हैं. रोजी-रोटी के लिए वह ज्यादातर समय दिल्ली में रहते थे, जबकि उनकी पत्नी सरिता अपने तीन बच्चों के साथ गांव में रहती थी. परिवार सामान्य तरीके से चल रहा था, लेकिन इसी दौरान सरिता की मुलाकात गाजीपुर जिले के गहमर निवासी अजय से हुई. अजय ट्रेनों में मूंगफली बेचने का काम करता है. बताया जाता है कि दोनों की मुलाकात ट्रेन में हुई और धीरे-धीरे बातचीत प्रेम संबंध में बदल गई.

Advertisement

आधी उम्र के युवक से हो गया प्यार

ग्रामीणों के अनुसार, करीब 45 वर्षीय सरिता का प्रेम संबंध अपने से काफी कम उम्र के अजय के साथ हो गया. दोनों अक्सर एक-दूसरे से मिलने लगे. जब इस रिश्ते की जानकारी सरिता के पति जीवनाथ को हुई तो उन्होंने इसका विरोध किया और पत्नी को समझाने की कोशिश की. लेकिन इसका कोई असर नहीं हुआ. कुछ समय बाद सरिता अपने तीनों बच्चों को घर पर छोड़कर प्रेमी अजय के साथ चली गई.

चार महीने तक तलाशता रहा पति

पत्नी के घर छोड़ने के बाद जीवनाथ ने उसकी काफी तलाश की. रिश्तेदारों से लेकर परिचितों तक हर जगह पता किया, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली. चार महीने तक वह पत्नी के लौटने का इंतजार करता रहा. इसी बीच दो दिन पहले सकलडीहा रेलवे स्टेशन पर उसकी नजर अचानक अपनी पत्नी और उसके प्रेमी पर पड़ गई. दोनों को एक साथ देखकर उसने उन्हें रोक लिया. जीवनाथ ने पत्नी से कहा कि घर लौट चलो. उसने तीनों बच्चों का हवाला दिया और परिवार बचाने की अपील की. काफी देर तक समझाने की कोशिश की, लेकिन सरिता अपने फैसले पर अडिग रही. उसने साफ कह दिया कि वह अब अपने पति के साथ नहीं रहना चाहती और अपने प्रेमी अजय के साथ ही जीवन बिताना चाहती है. इतना ही नहीं, उसने यह भी कहा कि वह बच्चों को भी अपने साथ नहीं ले जाएगी.

Advertisement

पति ने लिया चौंकाने वाला फैसला

जब जीवनाथ को यह यकीन हो गया कि उसकी पत्नी किसी भी हालत में उसके साथ घर नहीं जाएगी, तब उसने ऐसा कदम उठाया जिसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की थी. वह दोनों को लेकर सीधे सकलडीहा तहसील पहुंचा. तहसील परिसर स्थित सब-रजिस्ट्रार कार्यालय में शादी का औपचारिक पंजीकरण नहीं हुआ. हालांकि, तहसील परिसर में ही वकीलों और अन्य लोगों की मौजूदगी में पति ने अपनी पत्नी की उसके प्रेमी से शादी करवा दी. इस दौरान उसने प्रेमी के हाथों पत्नी की मांग में सिंदूर भरवाया और दोनों को वरमाला पहनाकर यह विवाह संपन्न कराया.

इस पूरे घटनाक्रम की चर्चा अब पूरे चंदौली और आसपास के जिलों में हो रही है. सरिता का कहना है कि उसका पति उसे खर्च के लिए पर्याप्त पैसे नहीं देता था. इसके अलावा दोनों के बीच अक्सर विवाद और झगड़े होते रहते थे. यही वजह रही कि उसने पति के साथ नहीं रहने का फैसला किया. उसने साफ कहा कि वह अब अजय के साथ ही रहेगी और पुराने रिश्ते में वापस नहीं लौटना चाहती.

पति ने क्या कहा

जीवनाथ का कहना है कि वह चाहता था कि उसकी पत्नी बच्चों और परिवार के लिए वापस घर लौट आए. उसने कई बार उसे समझाने की कोशिश की, लेकिन जब वह तैयार नहीं हुई तो उसने उसकी इच्छा का सम्मान करते हुए दोनों की शादी करा दी. जीवनाथ ने कहा कि जब कोई साथ रहने को तैयार ही नहीं है तो उसे जबरन रोकने का कोई मतलब नहीं है. इस पूरे मामले में सबसे बड़ी चिंता तीन बच्चों को लेकर जताई जा रही है. मां अपने प्रेमी के साथ चली गई और बच्चों को अपने साथ ले जाने से भी इनकार कर दिया. अब बच्चों की परवरिश और भविष्य की जिम्मेदारी पिता पर आ गई है. स्थानीय लोगों का कहना है कि इस पूरे घटनाक्रम में सबसे ज्यादा प्रभावित बच्चे हुए हैं, जिनके सामने अब कई सामाजिक और भावनात्मक चुनौतियां खड़ी हो सकती हैं.

Advertisement

इलाके में चर्चा का विषय बना मामला

चंदौली के सकलडीहा क्षेत्र में यह घटना चर्चा का विषय बनी हुई है. लोग पति के फैसले को लेकर अलग-अलग राय दे रहे हैं. कुछ लोग इसे परिस्थितियों में लिया गया व्यावहारिक फैसला बता रहे हैं, जबकि कुछ का कहना है कि यह मामला रिश्तों में बढ़ती दूरियों और सामाजिक बदलाव की एक तस्वीर भी पेश करता है. फिलहाल यह घटना सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रही है. पति, पत्नी और प्रेमी के इस अनोखे फैसले ने लोगों के बीच बहस छेड़ दी है कि रिश्तों में भरोसा, जिम्मेदारी और बच्चों का भविष्य आखिर कितनी बड़ी भूमिका निभाता है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »