Uttar Pradesh News: बदायूं जिला अस्पताल में 17 जून की शाम संविदा सफाईकर्मी वीरू ने इलाज के दौरान दम तोड़ने वाली दातागंज निवासी मृत महिला के कानों से कुंडल निकाल लिए. परिजनों का ध्यान शव को वाहन में रखने की व्यवस्थाओं में लगा होने का फायदा उठाकर यह चोरी की गई.
परिजनों द्वारा शक होने पर अस्पताल के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी गई जिसमें युवक की यह शर्मनाक हरकत साफ नजर आई. इसके बाद परिजनों ने आरोपी युवक को पकड़कर पुलिस को सूचना दी और उसके पास से चोरी हुए कुंडल बरामद कर लिए गए.
परिजनों की व्यवस्था का उठाया फायदा
दातागंज कस्बे की रहने वाली महिला को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. जब परिजन शव को अंतिम संस्कार के लिए ले जाने की तैयारी कर रहे थे, तभी अस्पताल परिसर में तैनात सफाईकर्मी वीरू ने इस घोर संवेदनहीन वारदात को अंजाम दिया. परिजनों की सजगता से सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर पूरा सच सामने आ गया.
अस्पताल प्रशासन ने की तुरंत कार्रवाई
जिला अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (CMS) डॉ. अमित वार्ष्णेय ने बताया कि सीसीटीवी में कैद आरोपी युवक ठेकेदार के अधीन काम करने वाला सफाईकर्मी है. घटना की जानकारी मिलते ही सुपरवाइजर को निर्देश देकर आरोपी को तत्काल कार्य से हटा दिया गया है. परिजनों का सामान बरामद होने के कारण उन्होंने अस्पताल प्रशासन को कोई लिखित शिकायत नहीं दी है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है.
अंकुर चतुर्वेदी