8 लाख दहेज और बरातियों के लिए बीयर... दूल्हे पक्ष की डिमांड सुन लड़की ने शादी से किया इनकार, सजे-धजे बैठे रह गए बाराती

Jhansi News: लड़की पक्ष का दावा है कि लड़के वालों ने अचानक से उनसे 8 लाख दहेज और बारातियों के स्वागत के लिए बीयर और शराब की मांग कर दी. मना करने पर मारपीट पर उतारू हो गए. जिसके चलते दुल्हन ने शादी से मना कर दिया. हालांकि, दूल्हे पक्ष ने आरोपों से इनकार किया है.

Advertisement
झांसी: बारात में बवाल झांसी: बारात में बवाल

प्रमोद कुमार गौतम

  • झांसी ,
  • 22 अप्रैल 2024,
  • अपडेटेड 1:18 PM IST

उत्तर प्रदेश के झांसी में एक बारात में बवाल हो गया. आरोप है कि बारात चढ़ने से पहले लड़के पक्ष ने दहेज में 8 लाख रूपये की मांग कर दी. इतना ही नहीं स्वागत सत्कार में शराब और बीयर की भी डिमांड रख दी. इसी बात को लेकर लड़की पक्ष से कहासुनी हो गई. देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई. नतीजा यह हुआ कि बाराती सजे-धजे बैठे रहे और लड़की ने शादी से इनकार कर दिया. जिसके बाद अब दोनों पक्ष एक दूसरे को शादी टूटने का जिम्मेदार ठहरा रहे हैं. 

Advertisement

दरअसल, पूरा मामला झांसी शहर कोतवाली इलाके के नईबस्ती का है. यहां के रहने वाले संतोष कश्यप के बेटे विशाल की शादी सीपरी बाजार के पाल कालोनी निवासी सोनम के साथ तय हुई थी. सगाई आदि की रस्में हो चुकी थीं और 21 अप्रैल को बारात चढ़नी थी. 

दुल्हन सोनम का आरोप है कि लड़के पक्ष ने शादी से पहले दहेज में अचानक आठ लाख रुपये की मांग कर दी. शादी से पहले दोपहर में दूल्हा विशाल अपने कुछ रिश्तेदारों के साथ इसी सिलसिले में बात करने घर आया था. परिवार वालों ने दूल्हे के साथ आये लोगों का सत्कार चाय नाश्ते से किया लेकिन वह लोग बीयर व शराब की मांग करने लगे. इस पर लड़की वालों ने उन्हें मना कर दिया. साथ ही लड़की ने भी विरोध किया. 

आरोप है कि इस बात पर लड़के ने लड़की के साथ मारपीट कर दी और परिवार वालों से भी बदतमीजी की. विवाद बढ़ा तो लड़की सोनम ने शादी करने से इनकार कर दिया. बकौल सोनम- हमारी शादी दहेज के कारण टूटी है. लड़के पक्ष के लोग खुद घर आए थे. बरातियों के लिए शराब की डिमांड की थी. दूल्हे ने मुझे थप्पड़ भी मारा था. बाद में बीच-बचाव के लिए रिश्तेदार आये तो उनके साथ भी मारपीट की गई. जब उनका अभी यह हाल है तो आगे क्या होगा. जिस कारण अब मैं शादी करना नहीं चाहती. 

Advertisement

जब इस मामले में दूल्हे के पिता और परिजनों से जानकारी ली गई तो उन्होंने दुल्हन और दुल्हन के परिवार द्वारा लगाए गए आरोपों को गलत ठहराते हुए कहा कि लड़की वालों ने ही दूल्हे के साथ मारपीट की है. स्वयं ही शादी करने से इनकार किया है. दुल्हे के पिता संतोष का आरोप है कि दूल्हा व कुछ रिश्तेदार मैरिज हाल में इंतजाम देखने गये थे तभी दुल्हन पक्ष के लोग विवाद करने लगे. इसी बीच कुछ लोगों ने दूल्हे विशाल के साथ मारपीट करते हुए रिश्ता तोड़ने की बात कह दी. 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »