रसोई गैस सिलेंडर की किल्लत को लेकर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी सरकार पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने कहा कि भाजपा के अच्छे दिनों का सिलेंडर अब खाली हो चुका है और गैस वितरण व्यवस्था पूरी तरह चरमराती नजर आ रही है. उन्होंने कहा, 'भाजपा के अच्छे दिनों का सिलेंडर खत्म हो गया.'
अखिलेश यादव ने कहा कि गैस एजेंसियों पर लोगों को घंटों लाइन में लगना पड़ रहा है, लेकिन बिना DAC (डिलीवरी ऑथेंटिकेशन कोड) के सिलेंडर नहीं दिया जा रहा. उनका आरोप है कि कई जगह गैस कंपनियों का सर्वर बंद होने की वजह से उपभोक्ताओं को सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ रही है. उन्होंने कहा कि अगर सर्वर काम नहीं कर रहा है तो इसकी जिम्मेदारी सरकार की है, लेकिन इसका खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है.
'पासबुक दिखाने के बावजूद नहीं मिल रहा सिलेंडर'
सपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि पुराने पासबुक दिखाने के बावजूद लोगों को सिलेंडर देने से इनकार किया जा रहा है, जो अमानवीय है. उनके मुताबिक कई घरों में बच्चे और बुजुर्ग भूखे रहने को मजबूर हैं. उन्होंने यह भी कहा कि कुछ लोग गैस की कालाबाजारी कर रहे हैं और मजबूरी का फायदा उठाकर लोगों से कई गुना अधिक कीमत वसूल रहे हैं.
क्या था अखिलेश का पोस्ट?
अखिलेश ने X पर पोस्ट किया, 'खाली हो गया भाजपा के ‘अच्छे दिनों’ का सिलेंडर! सिलेंडर की लाइन में घंटों लगने के बाद जब लोगों को ये बताया जा रहा है कि जब तक उपभोक्ता के पास DAC (Delivery Authentication Code) नंबर नहीं होगा तब तक गैस का सिलेंडर नहीं मिलेगा, तब जनता में रोष-आक्रोश तो जन्मेगा ही. जनता कह रही है अगर DAC के लिए गैस कंपनियों का सर्वर डाउन है तो हम क्या करें, सर्वर चलाना तो सरकार की ज़िम्मेदारी है. पुरानी पासबुक दिखाने के बहाने सिलेंडर न देना अमानवीय है क्योंकि बच्चे-बुजुर्ग घरों में भूखे हैं. ये सारा खेल कालाबाज़ारी करनेवाले भाजपाई खेल रहे हैं.
अखिलेश ने लिखा, 'ब्लैकमार्केट में मजबूरी के मारे लोगों से उनकी मजबूरी के हिसाब से कई गुना तक दाम वसूले जा रहे हैं. कभी ऑक्सीजन के सिलेंडर के लिए जनता भटकी थी, अब खाने की गैस के सिलेंडर के लिए भटक रही है. भाजपा ने परिवारवालों को भुखमरी के कगार पर लाकर अनाथ छोड़ दिया है. भाजपा सरकार फेल हो गयी है और भाजपाई नेता नदारद हैं. अब क्या जनता के लिए भाजपाइयों के घरों से भोजन आएगा या भाजपाई पंडाल-पंगत लगाकर भूखी जनता का पेट भरेंगे.'
'ऑक्सीजन सिलेंडर के लिए जनता लाइन में लगी थी'
अखिलेश यादव ने तंज कसते हुए कहा कि एक समय ऐसा था जब लोग ऑक्सीजन सिलेंडर के लिए भटक रहे थे और अब खाने की गैस के सिलेंडर के लिए परेशान हो रहे हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार पूरी तरह विफल हो चुकी है और उसके नेता इस मुद्दे पर चुप हैं.
उन्होंने सवाल उठाया कि क्या अब भूखी जनता के लिए भाजपा नेताओं के घरों से भोजन आएगा या वे पंडाल लगाकर लोगों को खाना खिलाएंगे.
aajtak.in