उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले में चलती बाइक के अंदर सांप मिलने से सड़क पर अफरा-तफरी मच गई. बाइक चला रहे युवक को अचानक पेट्रोल टंकी के नीचे सांप दिखाई दिया तो वह घबरा गया. उसने तुरंत बीच सड़क पर बाइक रोक दी और शोर मचा दिया. कुछ ही देर में मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए. काफी कोशिशों के बाद बाइक के अंदर छिपे सांप को बाहर निकाला गया. बाहर आते ही सांप सड़क पर दौड़ने लगा, जिससे वहां मौजूद लोगों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई. बाद में एक युवक ने सांप को पकड़कर डिब्बे में बंद किया और जंगल में छोड़ दिया.
जानकारी के अनुसार यह घटना धामपुर के नगीना चौराहे पर स्थित एक मंडप हॉल के बाहर की है. बताया जा रहा है कि एक बाइक सवार किसी काम से जा रहा था. इसी दौरान उसे बाइक की पेट्रोल टंकी के नीचे अचानक सांप दिखाई दिया. सांप को देखते ही बाइक सवार घबरा गया और उसने तुरंत बीच सड़क पर बाइक रोक दी. बाइक सवार के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए. कुछ ही देर में वहां लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई. सभी लोग बाइक के अंदर छिपे सांप को तलाशने लगे, लेकिन सांप बाइक के अंदर ही छिपा रहा.
बीच सड़क बाइक रोकते ही मौके पर जुट गई भीड़
इसके बाद लोगों ने एक बाइक मैकेनिक को बुलाया. मैकेनिक ने बाइक की पेट्रोल टंकी सहित कई अन्य पार्ट्स खोलने शुरू किए. काफी देर की मशक्कत के बाद सांप बाहर निकला. बाहर आते ही सांप ने फन फैला लिया और लोगों की ओर बढ़ने लगा. इससे मौके पर मौजूद लोगों में दहशत फैल गई. मैकेनिक ने बाइक के दूसरे हिस्से भी खोल दिए और एक औजार की मदद से सांप को बाहर निकालने का प्रयास किया. जैसे ही सांप पूरी तरह बाइक से बाहर निकला, वह तेजी से सड़क पर इधर-उधर दौड़ने लगा. यह देखकर वहां मौजूद भीड़ में अफरा-तफरी मच गई और लोग इधर-उधर भागने लगे.
साहसी युवक ने पकड़कर डिब्बे में किया बंद
कुछ देर बाद वहां मौजूद एक युवक ने हिम्मत दिखाते हुए सांप को पकड़ लिया. बताया जा रहा है कि पहले उसने सांप को पानी में डालने की कोशिश की, लेकिन वहां मौजूद लोगों ने ऐसा करने से मना कर दिया. इसके बाद सांप को एक बड़े डिब्बे में बंद किया गया और जंगल में छोड़ दिया गया. पूरी घटना के दौरान सड़क पर लोगों की भीड़ लगी रही. सांप मिलने की सूचना फैलते ही आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए. काफी देर तक वहां अफरा-तफरी का माहौल बना रहा. घटना के बाद जब सांप को सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया गया, तब जाकर लोगों ने राहत की सांस ली.
संजीव शर्मा