बरेली: 26 अप्रैल की वो रात... बिहार के मौलाना तौसीफ की हत्या या हादसा? पत्नी के 3 मिनट के वीडियो से सनसनी

बरेली में बिहार के मौलाना तौसीफ रजा की संदिग्ध मौत का मामला अब गरमा गया है. मृतक की पत्नी तबस्सुम ने जीआरपी थाने पहुंचकर हत्या की आशंका जताते हुए शिकायत दर्ज कराई है. उन्होंने आरोप लगाया है कि उनके पति को चलती ट्रेन में पीटा गया और फिर नीचे फेंक दिया गया.

Advertisement
 मौलाना तौसीफ रजा की पत्नी ने दर्ज कराई शिकायत (Photo- ITG) मौलाना तौसीफ रजा की पत्नी ने दर्ज कराई शिकायत (Photo- ITG)

कृष्ण गोपाल राज

  • बरेली ,
  • 05 मई 2026,
  • अपडेटेड 3:20 PM IST

बिहार निवासी मौलाना तौसीफ रजा की उत्तर प्रदेश के बरेली में रेलवे ट्रैक पर लाश मिलने के मामले में उनकी पत्नी तबस्सुम खातून ने सोमवार को बरेली जंक्शन पहुंचकर जीआरपी थाने में तहरीर दी. मौलाना की मौत 26 अप्रैल की रात को ट्रेन से गिरकर हुई थी, जिसे अब उनकी पत्नी ने सोची-समझी साजिश और हत्या करार दिया है. तबस्सुम का दावा है कि उनके पति के साथ ट्रेन के डिब्बे में कुछ लोगों ने मारपीट की और साक्ष्य के तौर पर उनके पास वीडियो कॉल की रिकॉर्डिंग भी मौजूद है. बरेली पुलिस अब इस हाई-प्रोफाइल मामले की जांच में जुट गई है. 

Advertisement

वीडियो कॉल पर देखी पति की बेरहमी से पिटाई

तबस्सुम खातून ने मीडिया को बताया कि 26 अप्रैल की रात करीब 9:45 बजे उनके पति का फोन आया था. उन्होंने घबराकर बताया कि ट्रेन में कुछ लोग उन्हें पीट रहे हैं. तबस्सुम ने तुरंत वीडियो कॉल की, जिसमें उन्होंने देखा कि कुछ लोग उनके पति का कॉलर पकड़कर उन्हें बेरहमी से मार रहे थे. तौसीफ सबसे मदद की भीख मांग रहे थे, लेकिन कोई आगे नहीं आया. पत्नी ने इस खौफनाक मंजर का करीब 30 सेकंड का ऑडियो और लगभग 3 मिनट का वीडियो भी रिकॉर्ड कर लिया है.

अगली सुबह मिली मौत की खबर

वीडियो कॉल के कुछ देर बाद तौसीफ का मोबाइल बंद हो गया. पत्नी रात भर फोन आने का इंतजार करती रही, लेकिन संपर्क नहीं हो सका. अगली सुबह करीब 9:30 बजे पुलिस ने कॉल रिसीव कर बताया कि तौसीफ ट्रेन से गिर गए हैं और उनकी हालत गंभीर है, लेकिन बाद में उनकी मौत की पुष्टि हो गई. परिजनों ने बरेली पहुंचकर शव का बिहार में अंतिम संस्कार किया. अब पत्नी का आरोप है कि टोपी पहनने और अल्पसंख्यक होने के कारण उनके पति को निशाना बनाया गया.

Advertisement

ओवैसी के ट्वीट के बाद बढ़ा राजनीतिक पारा

मौलाना की मौत के बाद यह मामला राजनीतिक रूप से भी काफी हाईलाइट रहा. एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने ट्वीट कर उत्तर प्रदेश सरकार और रेल मंत्री पर सुरक्षा को लेकर निशाना साधा था. बरेली में भी ओवैसी की पार्टी के प्रतिनिधियों ने पीड़ित पत्नी के साथ मुलाकात की और जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच की मांग की. विपक्षी सांसदों ने भी सोशल मीडिया के माध्यम से योगी सरकार को घेरते हुए रेल यात्रा के दौरान सुरक्षा पर सवाल उठाए थे.

इंसाफ की गुहार लगा रहा परिवार

तबस्सुम ने रुआंसे गले से कहा कि उनके परिवार में अब बूढ़े सास-ससुर के अलावा कोई सहारा नहीं बचा है. उन्हें डर है कि इस सदमे से उनके परिवार के अन्य सदस्यों की जान को भी खतरा हो सकता है. पत्नी ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि वीडियो साक्ष्यों के आधार पर दोषियों की पहचान की जाए और उन्हें कड़ी से कड़ी सजा दी जाए. फिलहाल जीआरपी पुलिस ने शिकायती पत्र लेकर मामले की तहकीकात शुरू कर दी है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement