'12 साल से रोज...' लिख युवती ने किया सुसाइड, परिजनों ने मुरादाबाद के शायर पर लगाए ये आरोप

उत्तर प्रदेश के बरेली (Bareilly) में एक युवती ने फांसी लगाकर सुसाइड कर लिया. सूचना के बाद जब पुलिस मौके पर पहुंची तो एक सुसाइड नोट मिला है. इसमें लिखा है- 12 साल से रोज मर रही हूं. परिजनों ने एक शायर पर हत्या के आरोप लगाए हैं. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.

Advertisement
मृतका साक्षी दास. (File Photo) मृतका साक्षी दास. (File Photo)

कृष्ण गोपाल राज

  • बरेली,
  • 09 फरवरी 2024,
  • अपडेटेड 8:13 AM IST

UP News: बरेली में एक युवती ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगा ली. सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव फंदे से उतारा. वहीं मृतका के परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है और मुरादाबाद के रहने वाले एक शायर पर आरोप लगाए हैं. फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है.

Advertisement

जानकारी के अनुसार, यह मामला बरेली के बारादरी थाना क्षेत्र में सनराइज कॉलोनी फेस 2 का है. यहां 25 वर्षीय साक्षी दास किराए पर रहती थी. साक्षी पीलीभीत के न्यूरिया थाना क्षेत्र की निवासी थी. साक्षी के परिजनों ने बताया कि साक्षी की शादी 5 वर्ष पहले हुई थी, इसके बाद उसके पति पीलीभीत निवासी राहुल दास से रिश्ता टूट गया था.

पति से रिश्ता टूटने के बाद से साक्षी बरेली में बारादरी थाना क्षेत्र में एक प्राइवेट अस्पताल के पास मेडिकल स्टोर चलाती थी. करीब एक महीने पहले साक्षी सनराइज कॉलोनी में किराए पर रहने लगी थी, लेकिन इसकी जानकारी परिजनों को नहीं थी. साक्षी ने यहां संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली.

पुलिस के अनुसार, एक युवती की आत्महत्या की सूचना मिली थी. मृतका पीलीभीत की रहने वाली है और यहां किराए पर रह रही थी. जब मकान मालिक को पता चला कि युवती कमरे से निकली नहीं है, स्कूटी नीचे खड़ी है. तब कमरे में झांककर देखा तो पता चला कि उसने पंखे से लटककर सुसाइड कर लिया है. मौके से सुसाइड नोट मिला है. जरूरी कार्रवाई की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी हैंगिंग की बात आई है. बाकी तथ्यों की जांच की जा रही है.

Advertisement

पुलिस ने युवती के परिजनों को बताया कि साक्षी ने आत्महत्या की है. जब पुलिस साक्षी के कमरे में गई तो वहां दो गिलास रखे हुए थे. इससे अनुमान लगाया जा रहा है कि रात में दो लोगों ने कमरे में बैठकर खाना या नाश्ता किया है. पुलिस को मौके से जो सुसाइड नोट मिला है, उसमें लिखा है- 12 साल से एक जैसी जिंदगी... रोज मर रही हूं.

एक शायर पर परिजनों ने लगाए हैं ये आरोप

साक्षी के परिजनों ने मुरादाबाद के रहने वाले एक शायर पर हत्या का आरोप लगाया है. आरोप है कि शायर नवंबर महीने से ही साक्षी पर शादी करने का दबाव बना रहा था. जबकि वह पहले से ही शादीशुदा है और तीन बच्चों का पिता है.

इसके बावजूद वह साक्षी से शादी करना चाहता था. इसी से परेशान होकर साक्षी ने उसका नंबर ब्लॉक कर दिया था. इसके बाद आरोपी शायर साक्षी के परिजनों के पास फोन करके साक्षी से मिलवाने की बात कहता था. परिजनों ने शायर पर साक्षी की हत्या का आरोप लगाया है.

नोटः (अगर आपके या आपके किसी परिचित में मन में आता है खुदकुशी का ख्याल तो ये बेहद गंभीर मेडिकल एमरजेंसी है. तुरंत भारत सरकार की जीवनसाथी हेल्पलाइन 18002333330 पर संपर्क करें. आप टेलिमानस हेल्पलाइन नंबर 1800914416 पर भी कॉल कर सकते हैं. यहां आपकी पहचान पूरी तरह से गोपनीय रखी जाएगी और विशेषज्ञ आपको इस स्थिति से उबरने के लिए जरूरी परामर्श देंगे. याद रखिए जान है तो जहान है.)

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement