उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में पत्नी पर बेटे के साथ मिलकर पति की हत्या का हैरान करने वाला मामला सामने आया है. दरअसल महिला का पति अक्सर शराब पीकर घर पर आता था. बुधवार को भी उसने शराब पी और घर आकर पत्नी समेत बच्चों को मारने पीटने लगा. जिस पर पत्नी और बेटे ने वहां रखे डंडे से उसके सिर पर वार किया और उसने वहीं दम तोड़ दिया. सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है.
मां और 12 साल के बेटे ने की हत्या
बाराबंकी जिले के मसौली थाना क्षेत्र के ग्राम कुरथरा में बुधवार दोपहर एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां पारिवारिक विवाद के चलते एक व्यक्ति की मौत हो गई. मामले में मृतक की पत्नी और नाबालिग बेटे पर हत्या का आरोप लगा है. घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई और माहौल गमगीन हो गया.
मारपीट के बीच किया जानलेवा हमला
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान ललित कुमार वर्मा के रूप में हुई है. बुधवार दोपहर करीब 12 बजे घर के अंदर ही विवाद के दौरान लाठी-डंडे से हमला किया गया, जिसमें ललित गंभीर रूप से घायल हो गए. सिर पर गहरी चोट लगने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई.
बताया जा रहा है कि परिवार में लंबे समय से आपसी तनाव बना हुआ था और शराब पीकर आने की वजह से अक्सर विवाद होता रहता था. बुधवार सुबह भी पति-पत्नी के बीच कहासुनी हुई थी जो धीरे-धीरे बढ़कर हिंसक रूप ले गई. प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक विवाद के दौरान पत्नी और उसके करीब 12 साल के बेटे अभय वर्मा ने मिलकर लाठी-डंडे से हमला कर दिया.
15 साल पहले हुई थी शादी
करीब 15 साल पहले ललित की शादी हुई थी. उसके परिवार में उसकी पत्नी के अलावा,12 साल का बेटा अभय और एक 4 साल की बेटी मिस्टी भी है. घटना के बाद गांव में भारी भीड़ जुट गई और लोगों में दहशत का माहौल बन गया. सूचना पर पहुंची मसौली थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. पुलिस बेटे और पत्नी से पूछताछ कर रही है, पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जो भी तथ्य सामने आएंगे उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
सैयद रेहान मुस्तफ़ा