'25 लाख लोन दिलाओ मुझे बिजनेश करना है, वरना...', बिजली टॉवर पर चढ़ा युवक, Video

यूपी के बांदा में 25 लाख रुपये का लोन न मिलने से परेशान युवक हाईवोल्टेज बिजली टॉवर पर चढ़ गया और हंगामा करने लगा. सूचना पर पहुंची पुलिस ने घंटों की मशक्कत के बाद उसे सुरक्षित नीचे उतारा. युवक पशुपालन के लिए लोन चाहता था, लेकिन दस्तावेज न होने से लोन नहीं मिला. काउंसलिंग के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया गया.

Advertisement
वीडियो वायरल. (Photo: Screengrab) वीडियो वायरल. (Photo: Screengrab)

सिद्धार्थ गुप्ता

  • बांदा,
  • 16 मई 2026,
  • अपडेटेड 9:10 PM IST

यूपी के बांदा में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक युवक बिजली के हाईवोल्टेज टॉवर पर चढ़ गया और घंटों तक हंगामा करता रहा. बताया गया कि युवक अपने जान की परवाह किए बिना टॉवर पर चढ़ गया था और लगातार 25 लाख रुपये का लोन दिलाने की मांग कर रहा था. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास शुरू किए गए.

Advertisement

पुलिस के अनुसार, युवक बबेरू कोतवाली क्षेत्र का रहने वाला है और वह मानसिक तनाव में था. उसे पशुपालन के लिए 25 लाख रुपये का लोन चाहिए था, लेकिन जरूरी दस्तावेज और गारंटी न होने के कारण उसे कहीं से लोन नहीं मिल पा रहा था. इसी वजह से उसने यह कदम उठाया और टॉवर पर चढ़कर अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग करने लगा.

यह भी पढ़ें: बांदा किडनैपिंग मिस्ट्री: सगा मामा ही निकला 'मास्टरमाइंड', पुलिस को गुमराह करने के लिए खेला 'डबल गेम'

इस दौरान मौके पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई और तमाशबीनों का जमावड़ा लग गया. पुलिस और अधिकारी लगातार युवक को समझाने की कोशिश करते रहे, लेकिन वह नीचे आने को तैयार नहीं हो रहा था और तरह-तरह की धमकियां देता रहा.

Advertisement

पुलिस की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा

काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने धैर्य और सूझबूझ से काम लेते हुए युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया. राहत की बात यह रही कि युवक हाईटेंशन लाइन के करंट की चपेट में नहीं आया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया. पुलिस ने युवक की काउंसलिंग कर उसे शांत कराया.

देखें वीडियो...

पुलिस ने बताया कि युवक छह भाइयों में से एक है और पिछले साल ही उसकी शादी हुई है. फिलहाल उसके पास कोई रोजगार नहीं है और वह पशुपालन का व्यवसाय शुरू करना चाहता है. इसी के लिए वह 25 लाख रुपये का लोन लेना चाहता था, लेकिन जरूरी दस्तावेज न होने से उसे लोन नहीं मिल सका.

परिजनों को सौंपा गया युवक

बबेरू कोतवाली के SHO राजेन्द्र सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को समझाकर नीचे उतार लिया गया. युवक की काउंसलिंग कर उसे उसके परिजनों को सौंप दिया गया है.

पुलिस के मुताबिक युवक सिर्फ पशुपालन के लिए लोन की मांग कर रहा था और दस्तावेजों की कमी के कारण परेशान था. फिलहाल मामले में आगे कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की गई है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement