उत्तर प्रदेश के बांदा में गैस सिलेंडर को लेकर हालात बेहद गंभीर हो गए हैं. आम उपभोक्ता एक-एक सिलेंडर के लिए परेशान नजर आ रहे हैं. इलाके में गैस वितरण के दौरान भारी अव्यवस्था और कालाबाजारी के आरोप सामने आए हैं. उपभोक्ताओं का कहना है कि एजेंसी पर लंबी लाइनें लग रही हैं, लेकिन सिलेंडर खुलेआम महंगे दामों पर बेचे जा रहे हैं, जिससे आम लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है.
इसी दौरान एक युवक ने गैस वितरण में अनियमितता और कालाबाजारी का विरोध किया और यही उसे भारी पड़ गया. आरोप है कि एजेंसी संचालक से जुड़े लोगों ने भरी भीड़ के बीच युवक की जमकर पिटाई कर दी. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे इलाके में आक्रोश बढ़ गया है.
यह भी पढ़ें: बांदा में DM के अर्दली को बेकाबू थार ने रौंदा, हालत गंभीर, बाइक के उड़े परखच्चे
मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह स्थिति को नियंत्रित किया और घायल युवक को बचाया. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक एजेंसी संचालक खुलेआम गुंडागर्दी कर रहे हैं. एक ओर महंगे दामों में गैस बेची जा रही है, वहीं विरोध करने वालों के साथ मारपीट की जा रही है.
उपभोक्ताओं में आक्रोश, कार्रवाई की मांग तेज
घटना सदर तहसील क्षेत्र की एक गैस एजेंसी की बताई जा रही है, जहां सुबह से ही उपभोक्ता सिलेंडर लेने के लिए लाइन में खड़े थे. लोगों का आरोप है कि लाइन में लगे उपभोक्ताओं को नजरअंदाज कर सिलेंडर कालाबाजारी के जरिए बेचे जा रहे हैं. इससे आम लोगों को गैस नहीं मिल पा रही है और वे लगातार परेशान हो रहे हैं.
मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि जब युवक ने इस गड़बड़ी का विरोध किया, तो उसे बेरहमी से पीटा गया. इस घटना के बाद उपभोक्ताओं में भारी नाराजगी है और उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है. इलाके में लगातार लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं, जिससे स्थिति की गंभीरता साफ झलक रही है.
उपभोक्ताओं का कहना है कि जिम्मेदार अधिकारी इस पूरे मामले में लापरवाही बरत रहे हैं और सिर्फ कागजी दावों तक सीमित हैं. उनका आरोप है कि अफसर एसी कमरों में बैठकर हालात को सामान्य बता रहे हैं, जबकि जमीनी सच्चाई इससे बिल्कुल अलग है.
देखें वीडियो...
पर्याप्त स्टॉक, जांच जारी
इस पूरे मामले पर प्रशासन ने सफाई दी है. एसडीएम नमन मेहता के मुताबिक आवश्यक वस्तुओं का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और पारदर्शिता के साथ वितरण सुनिश्चित करने के लिए पुलिस और प्रशासनिक कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है. उन्होंने कहा कि किसी भी तरह की कालाबाजारी की शिकायत पर गंभीरता से जांच की जा रही है.
प्रशासन का कहना है कि इस मामले में एफआईआर भी दर्ज कराई गई है और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि हर व्यक्ति को गैस उपलब्ध कराई जाएगी और किसी को भी परेशानी नहीं होने दी जाएगी.
फिलहाल, बांदा में गैस को लेकर हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं और उपभोक्ता प्रशासन की कार्रवाई का इंतजार कर रहे हैं.
सिद्धार्थ गुप्ता