Uttar Pradesh News: बांदा जिले के बिसंडा थाना क्षेत्र के कोरारी गांव निवासी तीन जिगरी दोस्त भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गए. संजय, रामबाबू और अरविंद सोमवार को अमावस्या के अवसर पर भगवान कामतानाथ के दर्शन और परिक्रमा करने बाइक से चित्रकूट धाम जा रहे थे. बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर उनकी बाइक एक अज्ञात गाड़ी से टकरा गई, जिससे यह हादसा हुआ. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और तीनों युवक सड़क पर बिखर गए. सूचना मिलने पर पुलिस प्रशासन के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर तीनों को अस्पताल भेजा, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
मां ने बांधी थी पूड़ी-सब्जी, रास्ते में ही थम गईं सांसें
परिजनों ने बताया कि संजय, रामबाबू और अरविंद बेहद पक्के दोस्त थे और दिनभर साथ ही रहते थे. इसी वजह से तीनों एक साथ बीते साल ली गई नई बाइक से चित्रकूट के लिए निकले थे. यात्रा पर जाते समय संजय की मां ने रास्ते के लिए पूड़ी-सब्जी भी बांधकर दी थी. बाइक को संजय चला रहा था, लेकिन लापरवाही के चलते तीनों में से किसी ने भी हेलमेट नहीं लगा रखा था, जो अंततः उनके लिए काल बन गया.
तीन परिवारों के उजड़े आशियाने, कोहराम मचा
इस हादसे ने तीनों दोस्तों के हंसते-खेलते परिवारों को उजाड़ दिया है. मृतकों में शामिल रामबाबू तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर था, जिसकी पिछले साल ही शादी हुई थी. घटना के बाद से उसकी पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है. वहीं, संजय अविवाहित था और महाराष्ट्र में रहकर मजदूरी करता था. तीसरे दोस्त अरविंद के परिवार में उसकी पत्नी और तीन छोटे बच्चे हैं, जिनका भरण-पोषण खेती-किसानी से होता था.
बाइक नंबर से हुई शिनाख्त, पुलिस जांच में जुटी
डीएसपी सौरभ सिंह ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर एक बाइक पर सवार तीन लोग चित्रकूट की ओर जा रहे थे, तभी यह हादसा हुआ. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को अपने कब्जे में लिया और क्षतिग्रस्त बाइक के नंबर के आधार पर परिजनों को इस दुखद घटना की सूचना दी. पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को ढांढस बंधाया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
सिद्धार्थ गुप्ता