उत्तर प्रदेश के बागपत में रोमांच के नाम पर भैंसा बुग्गियों की खतरनाक दौड़ का वीडियो सामने आया है. रात के अंधेरे में खेकड़ा-बसी रोड पर भैंसों को तेज रफ्तार में दौड़ाया गया. दावा है कि इस दौरान बुग्गियों की रफ्तार 100 किलोमीटर प्रति घंटे से भी ज्यादा पहुंच गई. इस जानलेवा खेल में बेजुबान जानवरों के साथ सड़क पर चल रहे लोगों की जान भी खतरे में पड़ गई.
वीडियो में कई भैंसा बुग्गियां सड़क पर दौड़ती दिखाई दे रही हैं. इनके साथ बाइक सवार भी उसी रास्ते पर चलते नजर आते हैं. इसी दौरान एक बुग्गी का संतुलन बिगड़ जाता है और वह बेकाबू होकर पलट जाती है. इसके बाद वह आगे दौड़ रही दूसरी बुग्गी से टकरा जाती है. गनीमत रही कि आसपास मौजूद बाइक सवार इस हादसे की चपेट में आने से बाल-बाल बच गए.
यह भी पढ़ें: बागपत में 'चाट युद्ध' के बाद अब 'लेडीज लठ युद्ध': घर में घुसकर महिलाओं के बीच छिड़ी जंग, देखें- VIDEO
अगर इस दौरान कोई बाइक सवार बेकाबू बुग्गी की चपेट में आ जाता, तो बड़ा हादसा हो सकता था. सड़क पर इस तरह की दौड़ से न सिर्फ जानवरों के घायल होने का खतरा रहता है, बल्कि दूसरे वाहन चालकों और राहगीरों की जिंदगी भी जोखिम में पड़ सकती है.
100 किलोमीटर प्रति घंटे से ज्यादा रफ्तार का दावा, पलट गई बुग्गी
खेकड़ा-बसी रोड पर रात के समय हुई इस दौड़ का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद सड़क सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं. वीडियो में देखा जा सकता है कि भैंसा बुग्गियां तेज रफ्तार से आगे बढ़ रही हैं और उनके आसपास बाइक सवार भी मौजूद हैं. अचानक एक बुग्गी का संतुलन बिगड़ने से स्थिति खतरनाक हो जाती है.
बुग्गी पलटकर आगे चल रही दूसरी बुग्गी से टकरा जाती है. इस दौरान सड़क पर मौजूद लोगों के लिए भी दुर्घटना का खतरा पैदा हो जाता है. हालांकि, सामने आए वीडियो में किसी बाइक सवार के इसकी चपेट में आने की पुष्टि नहीं होती है.
देखें वीडियो...
इस घटना ने एक बार फिर सवाल खड़ा किया है कि मनोरंजन और रोमांच के नाम पर जानवरों को इस तरह जोखिम में डालना कितना खतरनाक हो सकता है. तेज रफ्तार में भैंसा बुग्गियां दौड़ाने से जानवरों को चोट लगने के साथ ही सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों के लिए भी गंभीर खतरा पैदा हो सकता है.
वीडियो वायरल होने के बाद बागपत पुलिस ने लिया संज्ञान
भैंसा बुग्गियों की इस खतरनाक दौड़ का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद बागपत पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया है. पुलिस ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर जानकारी देते हुए संबंधित थाना पुलिस को मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए हैं.
अब इस मामले में पुलिस की कार्रवाई पर नजर रहेगी. सड़क पर इस तरह की दौड़ आयोजित करने वालों की जिम्मेदारी तय करना भी जांच का अहम हिस्सा होगा. फिलहाल पुलिस की ओर से मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिए जाने की जानकारी सामने आई है.
मनुदेव उपाध्याय