नकली तमंचा दिखाकर लूट लिया सोने का हार, बुर्का पहनकर प्रेमी के साथ पहुंची पायल का खुल गया सारा राज

अयोध्या के रुदौली में पायल नाम की महिला बुर्का पहनकर ज्वेलरी शॉप पहुंची और चालाकी से कर्मचारियों को समोसा लेने भेज दिया. मौका मिलते ही उसने 26 ग्राम सोना बैग में भर लिया और नकली तमंचा दिखाकर दुकानदार को धमका दिया. बाहर खड़े प्रेमी के साथ वह फरार हो गई, लेकिन CCTV फुटेज के आधार पर पुलिस ने कुछ ही घंटों में दोनों को गिरफ्तार कर लिया.

Advertisement
अयोध्या में बुर्का पहनकर पायल ने सोने का हार लूट लिया (Photo: ITG) अयोध्या में बुर्का पहनकर पायल ने सोने का हार लूट लिया (Photo: ITG)

मयंक शुक्ला

  • अयोध्या,
  • 03 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 11:27 AM IST

अयोध्या में गुरुवार दोपहर सब कुछ सामान्य था. दुकानों पर ग्राहक, बाजार में रौनक और रोजमर्रा की हलचल. तभी एक बुर्का पहने महिला ज्वेलरी शॉप में दाखिल हुई और कुछ ही मिनटों में ऐसा खेल कर गई कि हर कोई सन्न रह गया. नकली तमंचे के दम पर उसने 26 ग्राम सोना समेटा और बाहर इंतजार कर रहे अपने प्रेमी के साथ फिल्मी अंदाज़ में फरार हो गई. लेकिन उसकी यह चालाकी ज्यादा देर तक नहीं चल सकी. पुलिस ने दोनों को सलाखों के पीछे भेज दिया. 

Advertisement

 बुर्का पहनकर पहुंची ग्राहक

घटना रुदौली कोतवाली क्षेत्र के अग्रवाल कॉम्प्लेक्स स्थित एक ज्वेलरी शॉप की है. दोपहर करीब 12:30 बजे एक बुर्का पहने महिला दुकान में दाखिल हुई. उसके कंधे पर टंगा बैग और सधी हुई चाल-ढाल ने उसे एक आम ग्राहक जैसा ही बना दिया था. दुकान में मौजूद किसी भी व्यक्ति को उस पर जरा भी शक नहीं हुआ. महिला ने बेहद सामान्य तरीके से सोने के हार और चेन दिखाने को कहा. दुकानदार और कर्मचारी भी रोजमर्रा की तरह उसे जेवर दिखाने लगे. महिला ने पहले पानी मांगा, फिर नाश्ते की बात छेड़ी. समोसा लेने से इनकार करते हुए उसने मिठाई मंगवाने को कहा. इस बीच दुकान के कर्मचारी अलग-अलग कामों में उलझ गए. किसी का ध्यान काउंटर पर नहीं था और यही वो मौका था, जिसका इंतजार वह कर रही थी. जैसे ही माहौल थोड़ा ढीला पड़ा, उसने तेजी से करीब 26 ग्राम सोने के जेवर अपने बैग में समेट लिए. दुकानदार ने जैसे ही महिला को रोकने की कोशिश की, तो उसने कमर से तमंचा निकालकर सीधे दुकानदार की ओर तान दिया और कहा आगे बढ़े तो गोली मार दूंगी. इसके बाद वह भाग गई. दुकानदार भी उसके पीछे भाग. 

Advertisement

बाहर इंतजार कर रहा था प्रेमी, बाइक से दोनों फरार

दुकान के बाहर पहले से ही उसका साथी बाइक लेकर खड़ा था. महिला जैसे ही बाहर निकली, वह तुरंत बाइक पर बैठी और दोनों वहां से फरार हो गए. दुकानदार और आसपास के लोगों ने उनका पीछा करने की कोशिश भी की, लेकिन वे तेजी से आंखों से ओझल हो गए. यह पूरी घटना इतनी फिल्मी अंदाज में हुई कि कुछ देर तक लोगों को यकीन ही नहीं हुआ कि उनके साथ लूट हो चुकी है.

पुलिस ने खंगाले 50 से ज्यादा कैमरे

दुकान और आसपास लगे CCTV कैमरों में पूरी वारदात रिकॉर्ड हो गई. पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए इलाके के 50 से अधिक कैमरों की फुटेज खंगाली. फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने के लिए दो टीमें गठित की गईं. पुलिस ने तेजी से काम करते हुए कुछ ही घंटों में दोनों आरोपियों तक पहुंच बना ली. जांच के बाद पुलिस ने जिस सच्चाई का खुलासा किया, वह और भी चौंकाने वाली थी. इस लूट की मास्टरमाइंड पायल निकली, जो बाबा बाजार की रहने वाली और पहले से विवाहित है. उसके साथ उसका प्रेमी राहुल, जो मवई क्षेत्र का निवासी है, इस वारदात में शामिल था. पुलिस ने दोनों को कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया. उनके पास से लूटे गए सोने के हार और लॉकेट बरामद कर लिए गए. साथ ही वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल और नकली तमंचा भी बरामद हुआ है.

Advertisement

पहचान छिपाने के लिए बुर्का बना ‘हथियार’

पूछताछ में सामने आया कि पायल ने अपनी पहचान छिपाने के लिए बुर्का पहना था. उसका मकसद था कि CCTV में चेहरा साफ नजर न आए और पुलिस को उसे पहचानने में मुश्किल हो. लेकिन फुटेज और तकनीकी जांच के जरिए पुलिस ने उसकी पूरी चालाकी को नाकाम कर दिया. पुलिस की जांच में यह भी सामने आया कि पायल और राहुल के बीच प्रेम संबंध थे. इसी रिश्ते के चलते दोनों ने मिलकर यह पूरी साजिश रची. आसान पैसे के लालच में उन्होंने दिनदहाड़े लूट जैसी वारदात को अंजाम देने का फैसला किया. ज्वेलरी शॉप के मालिक महेश ने रुदौली कोतवाली में घटना की तहरीर दी थी. पुलिस ने तुरंत मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू की. 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement