'थानेदार भी ठाकुर, आरोपी भी ठाकुर... ब्राह्मण को नहीं मिला न्याय!' औरैया में सुसाइड से पहले डॉ. सौरभ बाजपेई ने फेसबुक लाइव पर बयां किया दर्द

उत्तर प्रदेश के औरैया जिले में एक निजी अस्पताल के डॉक्टर द्वारा यमुना नदी में कूदकर आत्महत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. पुलिस ने मृतक के परिवार की तहरीर पर कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी अस्पताल संचालक को गिरफ्तार कर लिया है.

Advertisement
औरैया में डॉक्टर सौरभ बाजपेई ने यमुना में छलांग लगाई (Photo- Screengrab) औरैया में डॉक्टर सौरभ बाजपेई ने यमुना में छलांग लगाई (Photo- Screengrab)

aajtak.in

  • औरैया ,
  • 17 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 9:50 AM IST

लखीमपुर खीरी निवासी 30 वर्षीय डॉक्टर सौरभ बाजपेई ने औरैया के तिलक नगर स्थित रामावतार मेमोरियल हॉस्पिटल के स्टाफ और संचालक द्वारा की गई मारपीट और अभद्रता से क्षुब्ध होकर 15 जुलाई को यमुना नदी में छलांग लगा दी. घटना की सूचना मिलने पर पुलिस, स्थानीय गोताखोरों और एसडीआरएफ की टीमों ने तत्काल संयुक्त सर्च ऑपरेशन शुरू किया. करीब 16 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद 16 जुलाई को नदी से डॉक्टर का शव बरामद किया गया. पुलिस ने मृतक के परिजनों की लिखित तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मुख्य आरोपी अस्पताल संचालक डॉ. एस.के. सिंह को गिरफ्तार कर लिया है.

Advertisement

सोशल मीडिया पर सुसाइड वीडियो हुआ वायरल

डॉक्टर सौरभ बाजपेई ने आत्मघाती कदम उठाने से पहले सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट किया था. इस वीडियो में उन्होंने अपनी मौत की वजह का जिक्र करते हुए अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए थे. उन्होंने बताया था कि कमरे से शीशा निकालने जैसी छोटी सी बात को लेकर अस्पताल मालिक के जीजा सर्वेश सिंह ने उन्हें थप्पड़ मार दिया था, जिसके बाद अन्य लोगों ने मिलकर उनकी पिटाई की थी.

पुलिस और थानेदार पर भी उठाए सवाल

मृतक डॉक्टर ने अपने वीडियो में न्याय न मिलने का दर्द भी बयां किया था. उनका आरोप था कि जब वह शिकायत दर्ज कराने थाने गए, तो थानेदार रामकुमार सिंह ने आरोपियों की जाति का होने के कारण उनकी फरियाद नहीं सुनी और एफआईआर दर्ज नहीं की. डॉक्टर की मौत के बाद पुलिस ने मुकदम दर्ज किया है. 

Advertisement

पुलिस अधीक्षक ने दी मामले की जानकारी

औरैया के पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने बताया कि 15 जुलाई को कंट्रोल रूम से सूचना मिलने के बाद अपर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में सर्च ऑपरेशन चलाया गया था. 16 जुलाई को शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया गया है. पुलिस ने पीड़ित परिवार की तहरीर पर मुकदमा पंजीकृत कर रामावतार मेमोरियल हॉस्पिटल के संचालक डॉ. एस.के. सिंह को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.

थानेदार पर आरोप 

मृतक ने अपने फेसबुक लाइव में बताया कि अस्पताल मालिक डॉक्टर का बहनोई सर्वेश सिंह सर्वेसर्वा है. रूम शिफ्टिंग के दौरान कमरे से शीशा निकालने को लेकर बातचीत में सर्वेश ने सौरभ को थप्पड़ मार दिया. गला दबाया और धमकी भी दी. जब वह थाने में शिकायत दर्ज कराने गया तो दारोगा ने अपने स्वजातियों का पक्ष लिया और समझौता कराने पर जोर दिया.  

सौरभ ने अपने सुसाइड वीडियो में कहा है कि थानेदार रामकुमार सिंह भी आरोपियों की तरह ठाकुर थे इसलिए उनकी फरियाद नहीं सुनी गई. एफआईआर नही लिखी गई. हालांकि, सौरभ की मौत के बाद पुलिस ने FIR लिखी है और मुख्यारोपी अस्पताल मालिक को गिरफ्तार किया है.

नोट:- (अगर आपके या आपके किसी परिचित के मन में आता है खुदकुशी का ख्याल तो ये बेहद गंभीर मेडिकल इमरजेंसी है. तुरंत भारत सरकार की जीवनसाथी हेल्पलाइन 18002333330 पर संपर्क करें. आप टेलिमानस हेल्पलाइन नंबर 1800914416 पर भी कॉल कर सकते हैं. यहां आपकी पहचान पूरी तरह से गोपनीय रखी जाएगी और विशेषज्ञ आपको इस स्थिति से उबरने के लिए जरूरी परामर्श देंगे. याद रखिए जान है तो जहान है.)

---- समाप्त ----
इनपुट- सूर्य प्रकाश शर्मा

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »