उत्तर प्रदेश के देवरिया की 16 वर्षीय हाईस्कूल की छात्रा ने वृंदावन में स्वामी अनिरुद्धाचार्य के समागम के दौरान अपने साथ हुए शारीरिक शोषण का खुलासा किया. छात्रा ने बताया कि उसके साथ पढ़ने वाले मुस्लिम युवक आशिक अंसारी ने उसे प्यार के जाल में फंसाकर गलत काम किया और उसकी मां के 29 हजार रुपये भी चोरी करवाए. इस घटना का वीडियो वायरल होने पर सदर बीजेपी से विधायक शलभ मणि त्रिपाठी ने कार्रवाई की मांग की. पीड़िता की मां की तहरीर पर बरियारपुर पुलिस ने पॉक्सो एक्ट और बीएनएस की धाराओं में केस दर्ज कर आरोपी आशिक अंसारी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.
वृंदावन समागम में छात्रा का सनसनीखेज खुलासा
देवरिया की रहने वाली छात्रा अप्रैल के महीने में अपनी मां के साथ वृंदावन पहुंची थी. वहां उसने स्वामी अनिरुद्धाचार्य को बताया कि उसके स्कूल के छात्र हिंदू लड़कियों को निशाना बनाते हैं. छात्रा ने स्वीकार किया कि आरोपी आशिक अंसारी के कहने पर उसने घर से पैसे चुराकर उसे दिए थे. छात्रा के अनुसार, युवक ने शादी का झांसा देकर उसके साथ कई बार गलत काम किया. इस खुलासे के बाद समागम में मौजूद लोग और सोशल मीडिया पर यूजर्स दंग रह गए.
स्वामी अनिरुद्धाचार्य ने दी 'हिंदू शेरनी' बनने की सीख
छात्रा की आपबीती सुनकर स्वामी अनिरुद्धाचार्य ने इसे 'लव जिहाद' करार दिया. उन्होंने कहा कि ऐसे लड़के प्यार में फंसाकर लड़कियों को बेच देते हैं. स्वामी ने स्कूल प्रबंधन की भूमिका पर भी सवाल उठाए और नाबालिग को समझाते हुए कहा कि उसे 'हिंदू शेरनी' बनना चाहिए और दूसरी बहनों को भी जागरूक करना चाहिए. उन्होंने छात्रा को हिम्मत देते हुए पढ़ाई पर ध्यान देने और अच्छे भविष्य के लिए प्रेरित किया.
पुलिस की कार्रवाई: आरोपी पहुंचा सलाखों के पीछे
वीडियो का संज्ञान लेते हुए देवरिया पुलिस सक्रिय हुई. सीओ ने बताया कि 10 मई को मिली तहरीर के आधार पर धारा 64(1), 351(3) बीएनएस और 3/4 पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी आशिक अंसारी पुत्र इमामुद्दीन अंसारी को उसके गांव चकमाधो से गिरफ्तार कर लिया. आरोपी पर नाबालिग के साथ दुराचार और बहला-फुसलाकर शोषण करने के पुख्ता आरोप हैं.
विधायक शलभ मणि त्रिपाठी ने की सख्त मांग
इस संवेदनशील मामले को देवरिया सदर विधायक शलभ मणि त्रिपाठी ने अपने फेसबुक पेज पर साझा किया था. उन्होंने पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए प्रशासन से कठोर कार्रवाई की अपील की थी. छात्रा ने यह भी बताया कि विद्यालय में माहौल ठीक नहीं है और कई अन्य लड़के भी इसी तरह लड़कियों को फंसाने की कोशिश करते हैं. फिलहाल आरोपी के जेल जाने के बाद पुलिस मामले की आगे की कानूनी जांच कर रही है.
राम प्रताप सिंह