UP: शख्स ने मशहूर फूड आउटलेट से खरीदा पैटीज, रेंगते मिले कीड़े

अलीगढ़ में एक मशहूर लोकल फूड चेन के आउटलेट की वेजिटेबल पैटीज़ में कीड़े मिलने के आरोप के बाद खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FSDA) ने जांच शुरू कर दी है. ग्राहक की शिकायत पर टीम ने आउटलेट का निरीक्षण कर पैटीज़ के नमूने लिए और उन्हें जांच के लिए आगरा की सरकारी लैब भेज दिया है.

Advertisement
पैटीज में कीड़े मिलने से हड़कंप. (File Photo: ITG) पैटीज में कीड़े मिलने से हड़कंप. (File Photo: ITG)

aajtak.in

  • अलीगढ़,
  • 09 जून 2026,
  • अपडेटेड 8:29 AM IST

उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में एक मशहूर लोकल फूड चेन के आउटलेट पर परोसी गई वेजिटेबल पैटीज़ में कीड़े मिलने की शिकायत के बाद खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FSDA) ने जांच शुरू कर दी है. अधिकारियों ने आउटलेट से खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर उन्हें परीक्षण के लिए सरकारी प्रयोगशाला भेज दिया है. 

पैटीज में मिले चलते हुए कीड़े
एक एजेंसी के मुताबिक एक ग्राहक ने बन्नादेवी पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया कि ग्रांड ट्रंक रोड स्थित एक प्रतिष्ठित स्कूल के पास संचालित फूड आउटलेट से खरीदी गई चार वेजिटेबल पैटीज़ में गंदगी और कीड़े पाए गए. ग्राहक का दावा है कि पैटीज़ खाने के दौरान उसे उनमें संदिग्ध पदार्थ दिखाई दिए, जिसके बाद उसने इसकी शिकायत संबंधित अधिकारियों से की.

Advertisement

शिकायत मिलने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और आउटलेट का निरीक्षण किया. जांच के दौरान अधिकारियों ने संबंधित खाद्य सामग्री के नमूने एकत्र किए और उन्हें विस्तृत परीक्षण के लिए आगरा स्थित सरकारी प्रयोगशाला भेज दिया. विभाग का कहना है कि प्रयोगशाला की रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि खाद्य पदार्थ निर्धारित मानकों के अनुरूप हैं या नहीं?

जांच रिपोर्ट के बाद होगी आगे की कार्रवाई: FSDA
FSDA के एक प्रवक्ता ने बताया कि मामले को गंभीरता से लिया गया है और सभी आवश्यक प्रक्रियाओं का पालन किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि लैब रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी. यदि जांच में खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन की पुष्टि होती है तो संबंधित प्रतिष्ठान के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सकती है.

Advertisement

अधिकारियों ने यह भी कहा कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता बनाए रखना सभी खाद्य कारोबारियों की जिम्मेदारी है. उपभोक्ताओं की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करना विभाग की प्राथमिकता है ताकि लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध हो सके. फिलहाल पूरे मामले में सभी की निगाहें लैब रिपोर्ट पर टिकी हैं. रिपोर्ट आने के बाद ही यह तय होगा कि ग्राहक के आरोप सही हैं या नहीं?

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »